![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में बड़े भाई की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक फायर बुलेट का पिलेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टुटी ने शनिवार को बताया कि 13 जुलाई को जयपुर गांव निवासी शंकर लागुरी को गोली मारी गई थी। गंभीर रूप से घायल शंकर को पहले कुमारडुंगी अस्पताल, फिर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स, रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर हाटगम्हरिया थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने पहले विजय लागुरी (30) और बाद में महेंद्र लागुरी (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। एसडीपीओ बहामन टुटी के अनुसार, आरोपियों ने हत्या के पीछे दो मुख्य कारण बताए हैं। पहला, मृतक के छोटे भाई महेंद्र लागुरी के दूसरी जाति में प्रेम विवाह को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। दूसरा, हाल ही में सड़क किनारे स्थित जमीन बेचने से मिले लगभग 18 लाख रुपए के बंटवारे को लेकर भी परिवार में गहरा विवाद था। इन्हीं विवादों के चलते आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link
बड़े भाई की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार:18 लाख के बंटवारे और छोटे भाई के प्रेम विवाह करने से हुए विवाद में हुई वारदात
