Headlines

नारनौल में निलंबित प्राचार्य के समर्थन में उतरे शिक्षक-प्रिंसिपल:डीसी व डीईओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, प्राचार्य-स्टाफ की भूमिका नहीं आई सामने




हरियाणा महेंद्रगढ़ जिला की कनीना मंडी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के प्रदर्शन के बाद निलंबित किए गए प्राचार्य नरेश कुमार के समर्थन में अब शिक्षा विभाग के अधिकारी खुलकर सामने आ गए हैं। शिक्षा विभाग अधिकारी एसोसिएशन, जिला महेंद्रगढ़ ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर निलंबन आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की है। मंगलवार को एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त और जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि नरेश कुमार जिले के उन प्राचार्यों में शामिल हैं, जिनकी पहचान एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और परिणामोन्मुख प्रशासक के रूप में रही है। विद्यालय स्टाफ की भूमिका नहीं उन्होंने अपने कार्यकाल में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एसोसिएशन ने कहा कि छात्राओं के प्रदर्शन मामले में गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट में प्राचार्य एवं विद्यालय स्टाफ की प्रत्यक्ष भूमिका से स्पष्ट रूप से इनकार किया गया है। संलिप्तता की नहीं हुई पुष्टि जांच के दौरान किसी भी कर्मचारी ने प्राचार्य की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की। रिपोर्ट के अनुसार, छात्राएं इंटरनेट मीडिया के प्रभाव में विद्यालय की छुट्टी के बाद स्वयं प्रदर्शन करने गई थीं और इसकी पूर्व जानकारी विद्यालय प्रशासन को नहीं थी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जब किसी अधिकारी की भूमिका जांच में सिद्ध नहीं हुई है, तब उसके विरुद्ध निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं मानी जा सकती। मनोबल गिरता एसोसिएशन का कहना है कि बिना दोष सिद्ध हुए अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई से पूरे शिक्षा विभाग में नकारात्मक संदेश जाएगा और ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों का मनोबल प्रभावित होगा। निलंबन वापस लेने की मांग जिला प्रधान बीर सिंह ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर नरेश कुमार का निलंबन वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे न केवल विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सामान्य होगा, बल्कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों का विश्वास भी बना रहेगा। इस अवसर पर प्राचार्य मंगत राम यादव, हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के प्रधान अरविंद यादव माजरा, प्राचार्य नरेंद्र कुमार, संजय बडेसरा, ब्रह्मप्रकाश दहिया, सुनील गोरा, लोकेश कुमार, मनोज कुमार, बाबूलाल सैनी, रविंद्र कुमार और सुरेंद्र गुप्ता सहित जिले के कई प्राचार्य मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *