Headlines

युवक से मारपीट, महिला से अभद्रता के 3 आरोपी गिरफ्तार:वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई




बूंदी के हिंडोली में एक युवक को अगवा कर मारपीट, मुंह पर कालिख पोतने और गले में जूतों की माला डालकर अपमानित करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक महिला के साथ भी अभद्रता की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद हिंडोली पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह घटना 18 जुलाई 2026 को हुई थी। थाना क्षेत्र के पगारां गांव में कुछ लोगों ने हिंडोली उपखंड के बांसी गांव निवासी एक युवक का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद युवक के साथ लगातार मारपीट की गई। इसके बाद उसके मुंह पर काला रंग पोतकर गले में जूतों की माला पहनाई गई, जिससे उसे अपमानित किया जा सके। वीडियो में एक महिला के साथ भी मारपीट और अभद्रता करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार युवक और युवती देई थाना क्षेत्र के निवासी हैं और रिश्तेदार हैं। कुछ महीने पहले युवक युवती को अपने साथ ले गया था। इसी बात को लेकर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपियों ने घायल युवक को गंभीर अवस्था में उसके पिता के पास छोड़ दिया। चोटिल होने के कारण युवक तुरंत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार के निर्देशन में थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया। सोमवार देर रात नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। मंगलवार को पुलिस ने मोहनलाल निवासी दमदमा, राजेश निवासी दमदमा और गोरुलाल निवासी दमदमा को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच जारी है। थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *