Headlines

25 फीट ऊंचे पुल से तमसा नदी में लगाई छलांग:नाबालिग लड़के जान जोखिम में डालकर कर रहे स्टंट




मऊ के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित महादेव मंदिर के पास ढेकुलिया घाट पुल से तमसा नदी में युवकों द्वारा खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में 15 से 16 साल के लड़के 25 फीट ऊंचे पुल से सीधे नदी में छलांग लगाते दिखाई दे रहे हैं। गुरुवार दोपहर को सामने आए वीडियो में लड़के बिना किसी सुरक्षा उपकरण के पुल की रेलिंग पर चढ़कर एक के बाद एक नदी में कूद रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह स्टंट सोशल मीडिया पर रील बनाकर अधिक से अधिक व्यूज और फॉलोअर्स प्राप्त करने के उद्देश्य से किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और तुरंत जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवकों की पहचान करने में जुटी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में इस तरह के स्टंट बेहद खतरनाक होते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पहले भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जिसके बाद पुलिस बल तैनात कर इस पर रोक लगाई गई थी। एक बार फिर वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर आवश्यक पुलिस बल तैनात किया जा रहा है ताकि कोई भी बच्चा या युवक पुल से छलांग न लगा सके। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका और जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। पुल पर जाली या अन्य सुरक्षा व्यवस्था लगाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति वहां से नदी में छलांग न लगा सके। अनूप कुमार ने यह भी कहा कि इन बच्चों की काउंसलिंग कराना भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले स्टंट से बचें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *