Headlines

टीएसएस सेंटर ​शिफ्टिंग पर राजनीति की होड़, गुप्ता ने पीसी रखी, कर गए मलिक



भास्कर न्यूज | अमृतसर अल्बर्ट रोड स्थित प्रमुख परीक्षा केंद्र ‘टीसीएस आयन’ को शहर से बाहर शिफ्ट करने की मांग को लेकर वीरवार को अजीबोंगरीब स्थिति बन गई। मार्केट एसोसिएशन और भाजपा के पूर्व सांसद श्वेत मलिक ने एक ही होटल में एक ही समय सुबह 11:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला ली। हद तो तब हो गई जब दोनों पक्षों के नेता एक ही जगह पहुंच गए। मगर होटल प्रबंधन ने एडवोकेट अंकुर गुप्ता की अगुवाई वाली मार्केट एसोसिएशन को हॉल देने से यह कहकर इनकार कर दिया कि पूर्व सांसद मलिक ने इसकी एडवांस बुकिंग करवाई हुई है। टीसीएस सेंटर के ऑनर तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस और मेडिकल से जुड़े एग्जाम में कंपनी की गाइडलाइन के अनुसार जैमर जरूरी होता है। सेंटर शिफ्ट करने को लेकर कंपनी से बातचीत हुई है, लेकिन अंतिम फैसला कंपनी की अनुमति के बाद ही लिया जाएगा। मार्केट एसोसिएशन को अल्बर्ट रोड के ही एक अन्य होटल में बुकिंग कर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पड़ी। एडवोकेट अंकुर गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस हाईजैक कर ली। उन्होंने कहा, “मीडिया को एक दिन पहले ही सूचित कर दिया गया था लेकिन ऐन मौके पर होटल प्रबंधन ने बुकिंग न होने की बात कहकर जगह देने से मना कर दिया। एडवोकेट अंकुर गुप्ता, रुपिंदर कटारिया, राजीव अनेजा, व्यापारी नेता मनिंदर दत्ता, राजीव दुग्गल व अन्य ने जिला प्रशासन से अल्बर्ट रोड स्थित उक्त परीक्षा केंद्र को तत्काल शहर से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अल्बर्ट रोड, कैनेडी एवेन्यू, यासीन रोड तथा आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी और निवासी पिछले लंबे समय से उक्त परीक्षा केंद्र के चलते ट्रैफिक जाम, पुलिस बैरिकेडिंग, पार्किंग की समस्या और ग्राहकों की आवाजाही में बाधा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द सेंटर शिफ्ट नहीं किया तो सड़कों पर उतरेंगे। सिविल लाइन एरिया के अल्बर्ट रोड स्थित टीसीएस आयन परीक्षा केंद्र के कारण स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। परीक्षा केंद्र में लगाए गए हाई-पावर मोबाइल जैमर्स के कारण आस-पास के इलाकों जैसे रानी का बाग, कोर्ट रोड, अल्बर्ट रोड, मॉल रोड और ग्रीन एवेन्यू में महीने में करीब 25 दिन तक इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं पूरी तरह ठप्प रहती हैं। इस समस्या को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद श्वेत मलिक खुद परीक्षा केंद्र के बाहर पहुंचे। उन्होंने डीसी से तुरंत दखल देकर इस परीक्षा केंद्र को शहर के बाहर किसी खुले स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की। मलिक ने कहा, “एक व्यक्ति के निजी आर्थिक लाभ के लिए हजारों लोगों को इस तरह परेशानी के आलम में नहीं डाला जा सकता। जनता के अधिकारों की लड़ाई हमेशा लड़ता रहा हूं और आगे भी लड़ता रहूंगा। इस दौरान उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष सलील कपूर, महासचिव मनीष शर्मा व अन्य मौजूद थे। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय व्यापार मंडल के प्रदेश प्रधान राजीव अनेजा जो व्यापारी नेता के साथ-साथ भाजपा नेता भी हैं ने दोनों ही जगह मलिक और गुप्ता के साथ प्रेस वार्ता को संबोधित किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *