![]()
राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में शुक्रवार को प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप के लोकार्पण कार्यक्रम में कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच मंच पर तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग ने कांग्रेस के जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद पुलिस सोंधिया को थाने ले गई, जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नरसिंहगढ़ थाने का घेराव किया। यह घटना बस स्टैंड के पास स्थित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। विधायक के बेटे ने मंच से हटाने कहा
घटना के समय विधायक मोहन शर्मा मंच से संबोधित कर रहे थे। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन अरोरा ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर्वत यादव और अन्य कांग्रेस नेता कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। अरोरा के अनुसार, प्रवेश के दौरान पुलिस ने उन्हें रोका था, लेकिन कुछ देर बाद तहसीलदार ने उन्हें अंदर बुलाया। शुरुआत में सभी कांग्रेस नेता मंच के सामने जमीन पर बैठे थे। बाद में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप और कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया को मंच पर आने के लिए कहा। अमन अरोरा के अनुसार, सोंधिया मंच पर पहुंचे और प्रभारी मंत्री व कलेक्टर से चर्चा करने लगे। इसी दौरान विधायक मोहन शर्मा के बेटे ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा।इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मंच पर भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। माहौल बिगड़ता देख पुलिसकर्मी बीच-बचाव के लिए पहुंचे और चंदर सिंह सोंधिया को मंच से नीचे उतारकर अपने साथ ले जाने लगे। भीड़ से खड़े बुजुर्ग ने मारा थप्पड़
इसी दौरान मंच के सामने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि अफरा-तफरी के बीच भीड़ में मौजूद एक बुजुर्ग ने चंदर सिंह सोंधिया के गाल पर थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के बीच नरसिंहगढ़ थाने पहुंचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए थाने का घेराव कर दिया। काफी देर तक थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कराने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल और नरसिंहगढ़ शहर में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।
Source link
मंत्री के सामने जिला पंचायत अध्यक्ष को थप्पड़ मारा:विधायक के बेटे से मंच पर हुई कहासुनी; नेता को थाने ले गई पुलिस, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेरा
