Headlines

पठानकोट में कुई-दुनेरा लिंक रोड बदहाल:धारकलां ब्लॉक में सड़क पर डामर गायब, गड्ढों से आवाजाही से आए दिन हादसे




धारकलां ब्लॉक के अंतर्गत आने वाला कुई से दुनेरा मुख्य लिंक मार्ग इस समय बेहद खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है। इस सड़क से डामर (लुक) पूरी तरह उखड़ चुका है, जिसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों ने प्रशासन से इस सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत करवाने की गुहार लगाई है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इस पर डामर का नामोनिशान नहीं बचा है। पूरी सड़क पर अब केवल नुकीले पत्थर और मिट्टी ही नजर आ रहे हैं। इसके अलावा, मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो बारिश के दिनों में पानी भरने के कारण छोटे-छोटे तालाबों में तब्दील हो जाते हैं। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा हर समय बना रहता है। सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे
सड़क के बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सुरक्षा के इंतजाम भी राम भरोसे हैं। कई स्थानों पर सड़क के किनारे धंस चुके हैं और रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) टूट गई है। पहाड़ी व ढलान वाले हिस्सों के पास गहरी खाइयों के किनारे गार्डरेल्स न होने से किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क की यह बदहाली जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के दावों पर भी सवाल खड़े करती है। सत्ताधारी दल द्वारा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और सड़कों के कायाकल्प के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इस मार्ग की दुर्दशा इन दावों की जमीनी हकीकत को उजागर कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेताओं के आश्वासनों के बावजूद लंबे समय से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है, जिससे बारिश के मौसम में पैदल चलना भी दूभर हो गया है। क्षेत्र की जनता, ग्रामीणों और वाहन चालकों ने संयुक्त रूप से जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अपील की है कि कुई-दुनेरा लिंक रोड का तुरंत पुनरुद्धार करवाया जाए। लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण होने से न केवल दैनिक आवाजाही सुरक्षित होगी, बल्कि संभावित हादसों पर भी रोक लग सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *