Headlines

6 साल के बच्चे की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई:ग्रेटर नोएडा में दो अधिकारी निलंबन के लिए भेजे गए; तीन पर विभागीय कार्रवाई




ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क दो स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह साल के बच्चे की मौत के बाद सीईओ एनजी रवि कुमार ने रविवार शाम को लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने जल विभाग में तैनात सहायक प्रबंधक मनोज कुमार और प्रबंधक गरिमा सिंह के निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी है। वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी गई है। इन तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी दायित्वों से मुक्त करते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। सीईओ ने ओएसडी अभिषेक पाठक और महाप्रबंधक एके सिंह की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सीईओ के निर्देश पर ओएसडी अभिषेक पाठक व महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संयुक्त जांच रिपोर्ट में ठेकेदार, सुपरवाइजर व तकनीकी सुपरवाइजर की लापरवाही के साथ ही सहायक प्रबंधक मनोज कुमार, प्रबंधक गरिमा सिंह और वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा की कार्य में लापरवाही भी उजागर हुई है। प्राधिकरण की ओर से ठेकेदार, सुपरवाइजर व तकनीकी सुपरवाइजर के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है और वे गिरफ्तार भी हो चुके हैं। सहायक प्रबंधक मनोज कुमार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं, इसलिए उनके निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन (पीडब्ल्यूडी) को भेजी गई है। प्रबंधक गरिमा सिंह के निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भी शासन को भेजी गई है, जबकि वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को लिखा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *