![]()
पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मियों पर हुए कथित पुलिस अत्याचार के विरोध में क्रांतिकारी लोक चेतना मंच के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों और सफाई कर्मचारियों ने धूरी में एक बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विरोध मार्च निकाला, धरना दिया, मुख्य सड़कें जाम कीं और मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित बरनाला के पुलिस अधिकारियों के पुतले फूंके। इस दौरान पंजाब के राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें दोषी पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की गई। विरोध मार्च धूरी में सीवरेज बोर्ड कार्यालय से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से गुजरते हुए काकरवाल चौक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर सड़कों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान, बरनाला के डीएसपी सतवीर बैंस और एसएचओ लखविंदर सिंह के पुतले जलाकर अपना कड़ा रोष प्रकट किया। तहसीलदार को ज्ञापन देकर पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग प्रदर्शनकारियों ने पंजाब के राज्यपाल, डीएसपी धूरी और तहसीलदार धूरी को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, भारतीय दंड संहिता की धारा 307 और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। इसके साथ ही उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त करने और लंबे समय से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। जबतक न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा इस अवसर पर इंकलाबी लोक चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्की परोचा ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक पीड़ित सफाई कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि श्रमिकों और कर्मचारियों के अधिकारों पर किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि आवश्यकता पड़ी तो इस आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन को कई सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने एक सुर में एकजुट होकर इस संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और राज्य सरकार से इस संवेदनशील मामले में बिना किसी देरी के त्वरित और सख्त कार्रवाई करने की मांग की
Source link
बरनाला सफाईकर्मियों पर अत्याचार, धूरी में प्रदर्शन:मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों के पुतले जलाए, ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
