![]()
दरभंगा में लव मैरिज के 5 महीने बाद नवविवाहिता की लाष फंदे से लटकी मिली है। मृतका केवटी थाना क्षेत्र के बेहटा निवासी सुधीर गिरी की बेटी काजल कुमारी है। मृतका की बड़ी बहन कंचन कुमारी ने कहा कि सोमवार दोपहर 2 बजे काजल से फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने किसी तरह की परेशानी नहीं बताई थी। ससुराल वाले 3 महीने से उसे प्रताड़ित कर रहे थे। लव मैरिज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। काजल ने आत्महत्या नहीं की है। उसकी हत्या की गई है, फिर सुसाइड का रूप दिया गया है। पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बेंता थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। लिखित आवेदन मिलने पर उसे संबंधित थाना को भेजा जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के अहिला गांव की है। बेटी पिता से प्रताड़ना की शिकायत करती थी काजल कुमारी की शादी 5 महीने पहले बहादुरपुर थाना क्षेत्र के अहिला गांव निवासी राम विलास गिरी के बेटे भूषण गिरी से हुई थी। शादी के बाद रोजगार के लिए भूषण बाहर चला गया था। 15 जुलाई को वो गांव लौटा था, 4 अगस्त को वो दोबारा जाने वाला है। मृतका के पिता सुधीर गिरी बेंगलुरु में निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी पिछले 2 महीनों से फोन पर ससुराल में प्रताड़ना की शिकायत कर रही थी। बहादुरपुर थाना में आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। घटना के बाद ससुराल के अधिकांश सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसके बाद ही मौत के पीछे का कारण पता चलेगा।
बिरौल थाना क्षेत्र में भी विवाहिता की मिली लाश दूसरी ओर बिरौल थाना क्षेत्र के राजवा गांव में भी सोमवार की सुबह 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। उसकी लाश कमरे में पंखे से लटकी मिली। मृतका की पहचान अरविंद पासवान की पत्नी ललिया देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब तीन माह पहले ही हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब परिजनों ने ललिया देवी को दरवाजा खोलने के लिए आवाज दी तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां वह पंखे से फंदे के सहारे झूलती हुई दिखाई दी। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पति पूर्णिया में करता है काम अवर निरीक्षक मुन्नी कुमारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि गले पर फंदे का निशान पाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
परिजनों ने बताया कि मृतका का पति अरविंद पासवान रोजी-रोटी के सिलसिले में पिछले कई महीनों से पूर्णिया में मखाना फोड़ने का काम करता है। रविवार रात ललिया की पति से मोबाइल पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद सभी लोग सो गए। घटना के समय घर में उसकी सास रेखा देवी और दो ननद मौजूद थीं। मृतका के ससुर बजरंगी सदा दोनों हाथों से दिव्यांग हैं।
मृतका के पिता रामखेलावन सदा ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
Source link
लव मैरिज के 5 महीने बाद महिला की मौत:ससुराल में फंदे से लटकी मिली लाश, मायके वाले बोले- आत्महत्या नहीं मर्डर है
