Headlines

हजारीबाग में छात्र की नदी में डूबने से मौत:घर पर स्कूल जाने की बात कह निकला था; नहाने के दौरान हुआ हादसा, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका




हजारीबाग के मुफ्फस्सिल थाना क्षेत्र में एक स्कूली छात्र की नदी में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान डीएवी हजारीबाग के नौवीं कक्षा के छात्र हिमांशु राज के रूप में हुई है। वह कोर्रा के नूतन नगर में किराए के मकान में रहता था, जबकि उसका स्थायी निवास कटकमदाग के पसई गांव में है। परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। बुधवार सुबह हिमांशु स्कूल के लिए निकला था, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह मेरु निवासी अपने एक दोस्त के साथ जगदीशपुर नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। विद्यालय के शिक्षक भारत कुमार ने पुष्टि की कि हिमांशु उस दिन स्कूल में अनुपस्थित था। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से छात्र को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। घटना के समय मौजूद एक बच्चा सदमे में था, जिसे उसके परिजन अपने साथ घर ले गए। हिमांशु के पिता झारखंड पुलिस में सेवारत अस्पताल में मृतक के परिजनों का बुरा हाल था। हिमांशु के पिता झारखंड पुलिस में सेवारत हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के समय वहां तीन अन्य बच्चे भी मौजूद थे। उनके अनुसार, हादसे के बाद दो बच्चे मौके से भाग गए, जबकि एक बच्चा वहीं रुका रहा। इसी आधार पर परिजन पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। वहीं, स्थानीय समाजसेवी मिथलेश सिंह ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में लगातार डूबने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसलिए चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा घेराबंदी और निगरानी की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *