हरियाणा के नारनौल साइबर थाना पुलिस ने करीब 9.20 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए बिहार निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन कुमार निवासी बड़ा एकमा, जिला सुपौल (बिहार) के रूप में हुई है।
.
साइबर थाना पुलिस के अनुसार, निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव बखरीजा निवासी जयसिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नांगल चौधरी में खाद-बीज की दुकान है। सितंबर 2024 में उसने IFFCO खाद की डीलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के कुछ दिन बाद उसके पास अज्ञात व्यक्तियों के फोन आए। उन्होंने स्वयं को कंपनी का अधिकारी और मैनेजर बताते हुए डीलरशिप दिलाने का भरोसा दिया।

अलग-अलग किस्तों में डाले पैसे
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 800 बैग डीएपी और 700 बैग यूरिया की सप्लाई का आश्वासन देकर अग्रिम भुगतान करने के लिए कहा। उनके झांसे में आकर जयसिंह ने बताए गए बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों में कुल 9,20,650 रुपये ट्रांसफर कर दिए। भुगतान के बाद न तो खाद की आपूर्ति हुई और न ही आरोपियों से संपर्क हो सका। इसके बाद उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर थाना नारनौल में शिकायत दर्ज कराई।
गुलशन के खाते से निकाली गई रकम
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम गुलशन कुमार के बैंक खाते से एटीएम के माध्यम से निकाली गई थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
