Headlines

एएसपी बोले-'पर्व की आड़ में हुड़दंग न हो':चेहल्लुम को लेकर शेखपुरा में निकला फ्लैग मार्च,संवेदनशील पर रहेगी नजर




शेखपुरा पुलिस ने चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम फ्लैग मार्च निकाला। एसपी डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में यह मार्च टाउन थाना परिसर से शुरू हुआ। फ्लैग मार्च स्टेशन रोड, गिरिहिंडा चौक, बाइपास रोड, चांदनी चौक, कटरा चौक और मुख्य बाजार होते हुए पटेल चौक पहुंचा। इसके बाद यह अरियरी प्रखंड क्षेत्र की ओर रवाना हुआ, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों को कवर किया गया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… इस दौरान एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने आम जनता से चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि पर्व की आड़ में किसी भी प्रकार की हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी ने बताया कि शेखपुरा और अरियरी क्षेत्र में कुछ स्थानों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है। इन इलाकों में पुलिस पदाधिकारियों के साथ दंडाधिकारियों की भी तैनाती की गई है। पर्व के दौरान इन क्षेत्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। चेहल्लुम का पर्व मोहर्रम के 40 दिन बाद मनाया जाता है, जिसमें विशेष रूप से हुसैनाबाद में शिया समुदाय के लोग धार्मिक परंपराओं के अनुसार आयोजन करते हैं। फ्लैग मार्च में साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी, मुख्यालय डीएसपी, यातायात डीएसपी, टाउन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अंचल निरीक्षक राजीव कुमार सहित अरियरी और अन्य थानों की पुलिस तथा डायल-112 की टीम शामिल थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *