Headlines

Bhaskar Updates Breaking News Dainik Bhaskar Live Updates 3 August MP UP Rajasthan Bihar Delhi


  • Hindi News
  • National
  • Bhaskar Updates Breaking News Dainik Bhaskar Live Updates 3 August MP UP Rajasthan Bihar Delhi

4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कानून की धारा-498ए (पति या उसके रिश्तेदारों की क्रूरता से संबंधित) का दायरा बढ़ाते हुए फैसला सुनाया कि यह प्रावधान लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पार्टनर पर भी लागू होगा, अगर शादी करने का इरादा साबित होता है।

कोर्ट ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप आज कमोबेश एक सच्चाई है, खासकर शहरी इलाकों में, जहां आबादी का एक बड़ा हिस्सा रहता है। लिहाजा कानून को ऐसे लोगों की जरूरतों के हिसाब से खुद को ढालना चाहिए जो इस तरह के रिश्ते चुनते हैं।

जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की बेंच ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले पुरुष पर महिला के साथ क्रूरता करने के लिए मुकदमा चलाया जा सकता है, अगर रिश्ता शादी जैसा हो।

आज की बाकी बड़ी खबरें…

RSS प्रमुख मोहन भागवत 6 अगस्त को Gen Z और Gen Alpha से बातचीत करेंगे, मुंबई में होगा कार्यक्रम

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत 6 अगस्त को मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में Gen Z और Gen Alpha के साथ सेशन करेंगे।

यह कार्यक्रम भारत के ‘इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस’ (IIMUN) की 15वीं वर्षगांठ और इसके सालाना चैंपियनशिप कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन समारोह के मौके पर आयोजित किया जा रहा है।

इसमें भारत भर के 100 से ज्यादा शहरों के 2,000 से ज्यादा हाई स्कूल छात्र शामिल होंगे। 15 से 19 साल की उम्र के ये प्रतिभागी अपने स्कूलों और कॉलेजों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

NEET पर क्या किया बताएगी सरकार,सुप्रीम कोर्ट बोला- हम भी जानने चाहते हैं

केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट को बताना चाहती है कि NEET पेपर की छपाई से लेकर छात्रों तक पहुंचने तक कौन से सुरक्षा उपाए अपनाए गए। कोर्ट ने कहा कि वह भी इस प्रक्रिया के बारे में जानना चाहता है। जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि सरकार अपनाई गई कार्यप्रणाली के बारे में बताना चाहती है और इसे हलफनामे के जरिए रिकॉर्ड पर रखना चाहती है। नीट पेपर्स के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की मांग करने वाली याचिकाओं पर अब गुरुवार को सुनवाई होगी।

E20 फ्यूल के खिलाफ नागपुर में गडकरी के घर के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, कई हिरासत में

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नागपुर में E20 ईंधन के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर का घेराव करने के लिए मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।

यह मार्च गडकरी के निजी आवास तक गया।केंद्रीय मंत्री के घर के पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था और रास्ते में बैरिकेड लगाए गए थे, हालांकि प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने के लिए उन्हें पार करने का प्रयास किया।

सुप्रीम कोर्ट का निर्देश- केंद्र सरकार यह पक्का करे कि हर सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए बिना कब्जे वाली जगह हो

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र को निर्देश दिया कि वह यह पक्का करे कि हर सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए ठीक से चिह्नित और बिना कब्जे वाली जगह हो।

कोर्ट ने कहा कि पैदल चलने के लिए तय जगह को मोटर गाड़ियों की लेन से ठीक से अलग रखा जाए। जहां भी सड़क हो, वहां पैदल चलने वालों के लिए जगह होनी चाहिए।

इसे रस्सी या किसी भी चीज से करें। पैदल चलने वालों को यह भरोसा होना चाहिए कि यह जगह उनके लिए है और वे बिना किसी चलती गाड़ी के खतरे के आजादी से चल सकते हैं।

पुलवामा में संदिग्ध गिरफ्तार, ग्रेनेड, मोबाइल और देश विरोधी पोस्टर बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पुलिस, सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की 183वीं बटालियन ने जॉइंट ऑपरेशन में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड, तीन देश विरोधी पोस्टर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

जॉइंट नाका ड्रबगाम-पचार रोड पर लगाया गया था। जांच के दौरान संदिग्ध ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे फ्रूट मंडी के पास पकड़ लिया। आरोपी की पहचान तौसीफ अहमद डार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और UAPA की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

दिल्ली में मकान की छत गिरी, मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत

दिल्ली के उस्मानपुर स्थित जेपी नगर में रविवार देर रात एक मकान की छत गिर गई। मलबे के नीचे दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान टिंकू (32) और उनकी पत्नी उर्मिला (30) के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को मलबे से निकालकर जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुणे में आर्थिक तंगी से परेशान पति-पत्नी और 19 साल की बेटी ने दी जान

महाराष्ट्र के पुणे में एक दंपती और उनकी 19 साल की बेटी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी का जिक्र किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान विनोद पिल्लई (50), उनकी पत्नी सृजा पिल्लई (45) और बेटी पूर्णिमा पिल्लई (19) के रूप में हुई है। विनोद की शनिवार को मौत हो गई थी, जबकि सृजा और पूर्णिमा ने रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

परिवार मूल रूप से केरल का रहने वाला था और पिछले तीन साल से पुणे के पिंपरी इलाके में रह रहा था। सृजा मोरवाड़ी के एक स्कूल में कोऑर्डिनेटर थीं। रविवार को जब वह काम पर नहीं पहुंचीं और फोन का जवाब नहीं दिया, तो सहकर्मियों ने उनके रिश्तेदारों से संपर्क किया। रिश्तेदार जब घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला। अंदर तीनों बेहोश पड़े थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

बिहार के सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में आग, इंजन और उसके पास वाला कोच जला

बिहार के सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (नंबर 63344) के इंजन और उससे जुड़े कोच में आग लग गई। सुबह करीब 3 बजे हुई इस घटना से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन से आग की लपटें और घना धुआं निकल रहा था। आग में जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

महाराष्ट्र में धर्मांतरण-रोधी कानून लागू; जबरन धर्म बदलवाया तो 7 साल जेल, खुद से बदला तो 60 दिन पहले प्रशासन को बताना होगा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी मिलने और सरकारी गजट में प्रकाशित होने के बाद महाराष्ट्र में धर्मांतरण-रोधी कानून लागू हो गया है। इससे जबरदस्ती, धोखाधड़ी, लालच या शादी के जरिए किए जाने वाले धर्मांतरण के खिलाफ कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।

मार्च में बजट सत्र के दौरान राज्य विधानसभा के दोनों सदनों से पारित ‘महाराष्ट्र धर्म की स्वतंत्रता विधेयक, 2026’ को राष्ट्रपति की मंज़ूरी मिल गई और 30 जुलाई को इसे राज्य के राजपत्र में अधिसूचित किया गया।

नए कानून के तहत, जो व्यक्ति दूसरा धर्म अपनाना चाहता है, उसे कम से कम 60 दिन पहलेज जिला मजिस्ट्रेट को सूचित करना होगा। धर्मांतरण के बाद की तय प्रक्रियाओं का भी पालन करना होगा।

जम्मू-कश्मीर के रियासी में 2.9 तीव्रता का भूकंप

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रविवार देर रात 1:37 बजे जम्मू-कश्मीर के रियासी में 2.9 तीव्रता का भूकंप आया। यह 5 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप पृथ्वी की सतह से लेकर सतह के नीचे लगभग 700 किलोमीटर तक कहीं भी आ सकते हैं।

वंदे भारत एक्सप्रेस ने तीन दिन में दूसरी बार अहमदाबाद तक डोनर हार्ट पहुंचाया

रविवार को वंदे भारत एक्सप्रेस से अंकलेश्वर से अहमदाबाद तक एक लाइव डोनर हार्ट पहुंचाया गया। तीन दिन के अंदर यह ऐसा दूसरा ऑपरेशन था। इससे पहले, वंदे भारत एक्सप्रेस से सूरत से अहमदाबाद तक एक लाइव डोनर हार्ट पहुंचाया था।

वंदे भारत एक्सप्रेस ने डोनर हार्ट को चढ़ाने के लिए अंकलेश्वर रेलवे स्टेशन पर एक खास ऑपरेशनल स्टॉप लिया। इस अंग को श्रीमती जयाबेन मोदी मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल से निकाला गया और स्थानीय पुलिस द्वारा बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर के ज़रिए स्टेशन तक पहुंचाया गया।

स्नैक्स पैकेट में मिली टॉय बॉल निगलने से बच्चे की मौत

कर्नाटक के मैसूर जिले में स्नैक्स के पैकेट में मिला प्लास्टिक का छोटा खिलौना 5 साल के बच्चे की मौत का कारण बन गया। पुलिस के अनुसार, हुनसूर के मुकुंद मयूर ने कुरकुरे स्नैक्स के पैकेट में मिली प्लास्टिक बॉल निगल ली। बॉल गले में फंसने से उसका दम घुटने लगा। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। हुनसूर ग्रामीण थाने में मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *