![]()
गुमला जिले के पालकोट मुख्य बाजार में मंगलवार शाम माही ज्वेलर्स के मालिक से हथियार के बल पर लाखों रुपए के आभूषण लूट लिए गए। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। इधर, पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है। दरअसल, माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी (पिता- विष्णु सोनी) मंगलवार देर शाम अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से पालकोट बस्ती स्थित अपने निवास जा रहे थे। भीमो कंसारी के घर के पास, जो एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। लूट के विरोध में की हवाई फायरिंग अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर मनीष सोनी को डराया और सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया। लूटे गए आभूषणों की कीमत लगभग 25 से 30 लाख रुपए बताई जा रही है। जब मनीष सोनी ने विरोध करने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस सघन तलाशी अभियान चला रही वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पालकोट बस स्टैंड होते हुए गुमला की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पालकोट पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा संभावित मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बताते चलें कि इससे पहले भी माही ज्वेलर्स की दुकान में लूट की घटना हो चुकी है। लगातार दूसरी बार हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को ही अंकित राज ने पालकोट थानेदार के रूप में पदभार संभाला था।
Source link
गुमला में ज्वेलरी व्यवसायी से 30 लाख के आभूषण लूटे:घर जाते वक्त सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग छीना, बदमाशों ने की हवाई फायरिंग
