![]()
हिसार में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हिसार पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धांत जैन (IPS) ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बरवाला-जींद मार्ग पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। एसपी सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग मचाने या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बरवाला बाईपास से खेड़ी चौपटा होते हुए जींद जाने वाले मार्ग पर कांवड़ियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए परसों 7 अगस्त से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। हिसार पुलिस ने जारी किया रूट प्लान… बड़े वाहनों के लिए ये रहेगा वैकल्पिक रूट जींद जाने और वहां से आने वाले सभी भारी वाहनों को बरवाला-बनभोरी-उचाना-जींद रूट से निकाला जाएगा। इसके लिए जींद और हांसी पुलिस प्रशासन से तालमेल स्थापित किया गया है। हिसार पुलिस ने कांवड़ियों के लिए जरूरी नियम जारी किए हैं। डीजे की ऊंचाई वाहन की बॉडी से ऊपर नहीं होनी चाहिए और आवाज तय मानकों के भीतर रखनी होगी। यात्रा में तलवार, गंडासा, हॉकी या अन्य घातक हथियार ले जाना और नशे का सेवन करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। बिना साइलेंसर या मॉडिफाइड बाइक चलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। शिविर लगाने वालों व वाहन चालकों के लिए निर्देश… परमिशन लेना जरूरी : एसपी ने जारी आदेशों में कहा है कि शिविर लगाने से पहले संबंधित थाने से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। शिविर मुख्य हाईवे से सुरक्षित दूरी पर हों, पार्किंग की अलग व्यवस्था की जाए और परिसर में सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी व फर्स्ट-एड बॉक्स जरूर रखें। वाहन चालक निर्धारित गति से वाहन चलाएं : कांवड़ मार्गों पर गाड़ियाँ धीमी गति से चलाएं और कांवड़ियों के जत्थे को ओवरटेक करने की होड़ न करें। पुलिस की रूट डायवर्जन योजना का पालन करें। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link
बरवाला-जींद रूट पर 7 अगस्त से भारी वाहनों की नो-एंट्री:कांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्ट; बरवाला-बनभोरी-उचाना रूट से निकाले जाएंगे बड़े व्हीकल
