यमुनानगर में तेज रफ्तार पोरशे का भीषण एक्सीडेंट:डिवाइडर-स्ट्रीट लाइट तोड़ दूसरी सड़क पर पलटी, परिवार के कई सदस्य घायल




यमुनानगर शहर के सेक्टर-17 में बीती रात करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार लग्जरी पोरशे कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ी, फिर स्ट्रीट लाइट के पोल को उखाड़ते हुए दूसरी ओर जा पहुंची और बिजली के खंभे व पेड़ के फाउंडेशन से टकराने के बाद पलटकर रुक गई। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और उसके सभी एयरबैग खुल गए। कार में एक परिवार सवार था, जिसमें बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर किया गया है। कार के उड़े परखच्चे जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ नंबर की पोरशे कार जिमखाना क्लब की ओर से पंचायत भवन की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार सेक्टर-17 स्थित शिव मंदिर के पास पहुंची, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई और स्ट्रीट लाइट के पोल से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल अपने बेस से उखड़कर टूट गया। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर पहुंच गई, जहां वह बिजली के खंभे से टकराई। इसके बाद पलटते हुए एक पेड़ के कंक्रीट फाउंडेशन से जा भिड़ी। हादसे में पेड़ का फाउंडेशन भी क्षतिग्रस्त हो गया और कार के परखच्चे उड़ गए। धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे लोग प्रत्यक्षदर्शी रमेश के अनुसार, हादसे के समय जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कार में एक परिवार सवार था, जिसमें बच्चे भी शामिल थे। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रेफर किया गया है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। घायलों के बारे में ले रहे जानकारी सेक्टर 17 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि हादसे में घायल लोगों की पहचान की जा रही है। अभी मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल पता चला है कि परिवार यमुनानगर का ही रहने वाला है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *