![]()
कटिहार के आजमनगर थाने से हथकड़ी लगा एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे दुर्गा स्थान स्थित सब्जी मंडी से दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने थाना की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी को किसी मामले में गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। हथकड़ी लगे होने के बावजूद वह पुलिस की निगरानी में हुई चूक का फायदा उठाकर थाना परिसर से भाग निकला। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत फरार आरोपी की तलाश में अभियान शुरू किया। कई घंटों तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। आखिरकार, स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी को आजमनगर दुर्गा स्थान सब्जी मंडी के पास से पकड़कर फिर से हिरासत में ले लिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर चर्चाएं हो रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि हथकड़ी लगा आरोपी थाना जैसी सुरक्षित जगह से कैसे फरार हो गया और उस समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे। स्थानीय निवासी मिराज आलम ने इस लापरवाही को लेकर बताया कि आजमनगर थाना क्षेत्र में अपराध का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है कहीं ना कहीं पुलिसिंग में गड़बड़ी है की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील भी की है। मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की आगामी कार्रवाई का इंतजार है।
Source link
आजमनगर थाने से हथकड़ी लगा आरोपी फरार:कटिहार में 4 घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से सब्जी मंडी से पकड़ा गया
