Headlines

महम में इनेलो प्रवक्ता ने सरकार पर साधा निशाना:बोले- मूलभूत समस्याएं जस की तस, सरकार और जनप्रतिनिधि बेखबर




रोहतक जिले के महम हल्के के इनेलो प्रवक्ता संदीप नेहरा ने रविवार को रेस्ट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए महम क्षेत्र को बदहाल बताया। उन्होंने आगामी 22 अगस्त को इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के महम हल्के के कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की और कार्यकर्ताओं से इसमें पहुंचने का आह्वान किया। संदीप नेहरा ने आरोप लगाया कि महम क्षेत्र बदहाल और बर्बाद हो चुका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का जनता की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने महम के विधायक और रोहतक लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को भी निशाने पर लिया। नेहरा ने आरोप लगाया कि ये नेता केवल चुनाव के समय महम की जनता से वोट मांगने आते हैं, जबकि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे दिखाई नहीं देते। उन्होंने विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें महम की जनता से कोई सरोकार नहीं है और वे अपनी सुरक्षा मिलने के बाद सैर-सपाटे में व्यस्त हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर भी हमला बोला नेहरा ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, पानी, सफाई और रोजगार जैसी मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के बावजूद जनप्रतिनिधि जनता के बीच नजर नहीं आते। संदीप नेहरा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व को जात-पात की राजनीति करने के बजाय महम के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महम आई थीं, तब पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा को उन्हें महम की गलियों में घुमाकर जमीनी हकीकत दिखानी चाहिए थी। इससे उन्हें विकास के दावों और धरातल की स्थिति के बीच का अंतर पता चलता। नेहरा ने पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी हर विभाग में मिलीभगत है और वे दलाली खाने का काम करते हैं। संदीप नेहरा ने दावा किया कि महम की जनता अब खोखले विकास के दावों को अच्छी तरह समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका उचित जवाब देगी। “कांग्रेस में खीर, जूतियों में बंट रही है” कांग्रेस पर हमला बोलते हुए संदीप नेहरा ने कहा कि “आज कांग्रेस में खीर जूतियों में बंट रही है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता और अलग-अलग गुट एक-दूसरे पर हमला करने में लगे हुए हैं। जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के बजाय कांग्रेस आपसी खींचतान में उलझी हुई है। वही नेहरा ने कहा कि ठीक महम हल्के में भी कांग्रेस की तरह बीजेपी नेताओं में सरेआम गुटबाजी देखने को मिल रही है। इनको आपसी खींचतान के इलावा महम विकाश से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में यदि कोई पार्टी सही मायने में विपक्ष की भूमिका निभा रही है तो वह इनेलो है। उन्होंने कहा कि इनेलो ने हर वर्ग और हर मुद्दे पर जनता की आवाज बुलंद की है। चाहे बुढ़ापा पेंशन का मामला हो या सरकार की अन्य जनविरोधी नीतियां, इनेलो ने सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष किया और सरकार को झुकने पर मजबूर किया। बिजली नीति और स्मार्ट मीटर का भी विरोध संदीप नेहरा ने सरकार की नई बिजली नीति और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी नीतियां लागू कर रही है जिनसे आम उपभोक्ता पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्मार्ट मीटर और बिजली नीति को लेकर जनता की आशंकाओं को दूर किया जाए और जनविरोधी फैसलों को वापस लिया जाए। उन्होंने नगर पालिका सफाई कर्मचारियों और फायर कर्मचारियों की चल रही हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा कि आज कर्मचारी वर्ग भी सरकार की नीतियों से परेशान है। सफाई और फायर जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है। 22 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नेहरा ने कहा कि 22 अगस्त को अभय सिंह चौटाला का महम हल्के में कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महम हल्के के विभिन्न गांवों और शहर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। इस अवसर पर पवन सिवाच, युवा हल्का प्रधान, महंत मन्नू खरकड़ा, शिवम सांगवान, युवा जिला सचिव और विपिन बल्हारा, प्रदेश महासचिव लीगल सेल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *