![]()
नशे और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फाजिल्का पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खुईखेड़ा पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ पहले से ही लूटपाट, चोरी, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलकरण सिंह निवासी गांव जंडवाला खरता, फाजिल्का के रूप में हुई है। पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी बलकरण सिंह भारी मात्रा में हेरोइन लेकर उसे बेचने की फिराक में है और उसके पास अवैध हथियार भी हैं, जिनका इस्तेमाल वह लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने के लिए करता है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 ग्राम हेरोइन और अवैध पिस्तौल-मैगजीन बरामद हुई। गैंगस्टरों से संबंध होने का शक, राजस्थान में भी दर्ज हैं मामले एसएसपी गगन अजीत सिंह के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और उसके खिलाफ पड़ोसी राज्य राजस्थान में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी के तार बड़े गैंगस्टर ग्रुप्स से जुड़े हो सकते हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ की जाएगी कि वह किस गैंगस्टर गैंग से संबंध रखता है और इस नशे व हथियारों के नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन शामिल है। पूछताछ के बाद इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
Source link
फाजिल्का में पकड़े गए तस्कर का गैंगस्टर्स से कनेक्शन:आरोपी से 50 ग्राम हेरोइन, देसी पिस्टल और मैगजीन बरामद, पहले से 7 केस दर्ज
