![]()
चंडीगढ़ के सेक्टर-25 में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक पर हथियारों से हमला कर दिया गया। हमलावर होंडा सिटी कार और एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे थे। आरोप है कि छह युवकों ने रास्ते में घेरकर शाकिब नाम के युवक पर कुल्हाड़ी, गंडासी और अन्य हथियारों से हमला किया। हमले में शाकिब की दोनों टांगों में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर में भी गहरी चोट आई है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल शाकिब की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच कर रही है। हत्या का बदला लेने का आरोप पुलिस को दी शिकायत में शाकिब ने आरोप लगाया है कि उस पर हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। कुछ समय पहले सेक्टर-25 में अजय नाम के एक युवक की हत्या हुई थी। इस मामले में कई युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था और इनमें से कुछ आरोपी अभी जेल में बंद हैं। शाकिब के अनुसार, अजय के भाई और उसके दोस्तों ने ही उस पर हमला किया है। आरोप है कि वे अजय की हत्या का बदला लेने के लिए उसके पास पहुंचे थे। रास्ते में कार रोककर घेरा घायल शाकिब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3 बजे वह सेक्टर-25 में मौजूद था। इसी दौरान एक होंडा सिटी कार उसके सामने आकर रुकी। इसके साथ ही एक्टिवा पर सवार दो युवक भी वहां पहुंच गए। शाकिब के मुताबिक, कार और एक्टिवा से कुल छह लोग पहुंचे थे। सभी के हाथों में हथियार थे। कुछ आरोपियों के हाथ में कुल्हाड़ी और गंडासी थी, जबकि अन्य के पास भी हथियार थे। आरोपियों ने उसे घेर लिया। कुछ युवकों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपियों ने उसकी टांगों पर कुल्हाड़ी से हमला करना शुरू कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की और इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। दोनों टांगों में फ्रैक्चर सिर में चोट हमले के बाद घायल शाकिब को इलाज के लिए सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी दोनों टांगों में फ्रैक्चर बताया। इसके अलावा उसके सिर में भी गहरी चोट आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुरानी रंजिश में पहले भी हो चुका विवाद पुलिस को दिए बयान में शाकिब ने बताया कि अजय की हत्या के मामले को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। अजय की हत्या के बाद कई युवकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। इनमें से कुछ आरोपी अभी जेल में हैं। शाकिब का आरोप है कि इसी मामले को लेकर अजय के भाई और उसके दोस्तों ने उसे निशाना बनाया। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले में कौन-कौन शामिल था।
Source link
चंडीगढ़ में दिनदहाड़े युवक पर हथियारों से हमला:दोनों टांगें टूटीं, हत्या का बदला लेने पहुंचे हमलावर; होंडा सिटी-एक्टिवा पर आए 6 युवक
