![]()
करनाल शहर की पुरानी सब्जी मंडी स्थित मण्णुपुरम गोल्ड लोन फाइनेंस लिमिटेड में आईएफएल फाइनेंस से गोल्ड लोन ट्रांसफर कराने के नाम पर 13.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दी कि आरोपी ने कंपनी को विश्वास में लेकर अपने खाते में 13.50 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए और बाद में आईएफएल में गिरवी रखा सोना छुड़ाकर कंपनी को बताए बिना गायब हो गया। शिकायत की जांच के बाद थाना शहर करनाल पुलिस ने अब को केस दर्ज कर लिया। 29 जुलाई को लोन ट्रांसफर के लिए मांगे थे रुपए पुलिस के अनुसार, ब्रांच मैनेजर रोहित कुमार पुलिस को बताया कि आकाश निवासी अर्बन एस्टेट सेक्टर-7, करनाल, उनके पास आया था। आकाश ने बताया कि उसका गोल्ड लोन आईआईएफएल फाइनेंस में चल रहा है। उसने कहा कि वह अपना लोन मण्णुपुरम में ट्रांसफर करवाना चाहता है। उसने आईआईएफएल लोन की क्लोजिंग राशि 13.50 लाख रुपए बताई। शिकायत के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को कंपनी ने उसके बताए अनुसार 13.50 लाख रुपए की राशि आईआईएफएल के वर्चुअल अकाउंट नंबर पर इंडसइंड बैंक के माध्यम से आरटीजीएस करवाई। रकम वापस आई तो आरोपी ने फोन बंद किया शिकायतकर्ता के मुताबिक, किसी कारण से भुगतान की रकम 30 जुलाई को वापस आकाश के खाते में रिफंड हो गई। इसके बाद आकाश ने कंपनी के कर्मचारियों के फोन उठाने बंद कर दिए और अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। कंपनी के लोग 30 जुलाई को उसके घर पहुंचे। परिवार से पूछताछ करने पर पता चला कि आकाश सुबह से घर से गया हुआ है और वापस नहीं आया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कंपनी के 13.50 लाख रुपए वापस करवाने और कार्रवाई करने की मांग की। दस्तावेजों में सामने आई सोना छुड़ाने की बात पुलिस जांच में शिकायत के साथ दिए गए चेक, बाउंस चेक, ऑनलाइन बैंक स्टेटमेंट, कंपनी और आकाश के बीच हुआ समझौता, उसके घर विजिट की फोटो, आईएफएल फाइनेंस में गिरवी रखे सोने की पर्चियां, आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां शामिल मिलीं। जांच अधिकारी एएसआई बलवान सिंह ने परिवादी और उत्तरवादी दोनों को नोटिस जारी किए। पुलिस के अनुसार बार-बार नोटिस देने के बावजूद आकाश जांच में शामिल नहीं हुआ। वहीं रोहित ने थाना पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस ने किया केस दर्ज जांच में पुलिस ने आरोप लगाया कि आकाश ने रोहित को विश्वास में लेकर कहा था कि कंपनी उसके खाते में 13.50 लाख रुपए जमा कराए, जिनसे वह आईएफएल फाइनेंस में जमा राशि चुकाकर गिरवी रखा सोना छुड़ाएगा और उसे मण्णुपुरम कंपनी में जमा कर देगा। पुलिस के मुताबिक रकम मिलने के बाद आकाश ने पैसे निकलवाए, आईएफएल में जमा किए और वहां से अपना गिरवी रखा सोना छुड़ा लिया। इसके बाद उसने कंपनी को इसकी जानकारी नहीं दी और फोन बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
गोल्ड लोन ट्रांसफर के नाम पर 13.50 लाख की धोखाधड़ी:करनाल में रुपए लेकर व्यक्ति फरार, मण्णुपुरम ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज
