Headlines

अशोकनगर में खाद वितरण केंद्र पर मारपीट:लाइन में लगने को लेकर किसानों में विवाद, घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिली




अशोकनगर जिले में खाद वितरण केंद्र पर किसानों के बीच मारपीट हो गई। लाइन में आगे लगने को लेकर हुए विवाद के बाद धक्का-मुक्की हुई, जो लात-घूंसों में बदल गई। इस घटना से केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, किसान सुबह करीब पांच बजे से ही डबल लॉक केंद्र पर खाद लेने पहुंचने लगे थे। कुछ ही देर में केंद्र के बाहर किसानों की लंबी कतार लग गई। भीड़ इतनी अधिक थी कि वितरण व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया, जिससे कई किसान घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाद मिलने का इंतजार करते रहे। पिपरी गांव के किसान राजेश सिंह ने बताया कि वह अपने गांव के पांच अन्य किसानों के साथ सुबह करीब छह बजे केंद्र पर पहुंचे थे। उन्हें पहले जिस लाइन में खड़ा किया गया था, वहां से हटा दिया गया। दोपहर करीब दो बजे तक इंतजार करने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल सकी। राजेश ने बताया कि बड़ी संख्या में अन्य किसान भी सुबह से खाद का इंतजार कर रहे थे। केंद्र पर भीड़ और लंबी कतार के बीच किसानों में लाइन में लगने को लेकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ किसान आपस में भिड़ गए और लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। इस अचानक हुए विवाद से मौके पर मौजूद अन्य किसानों में भी अफरा-तफरी मच गई। केंद्र पर माइक से किसानों को सूचना दी जा रही थी कि केवल सुबह से मौजूद किसानों को ही खाद का वितरण किया जाएगा, और बाद में पहुंचने वाले किसानों को खाद नहीं मिलेगी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर डटे रहे, जिससे भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। किसानों के बीच यह भी चर्चा थी कि निजी विक्रेताओं के यहां निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर खाद मिल रही है। इसी कारण किसान सरकारी डबल लॉक केंद्र से खाद लेना अधिक सुरक्षित और सस्ता मानते हुए यहां बड़ी संख्या में पहुंच रहे थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *