Headlines

PCC चीफ के बयान पर वनमंत्री कश्यप का पलटवार:कहा- झीरम पर सियासत शहीदों का अपमान, उनके लीडर्स के लिए हिड़मा रोल मॉडल




छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित झीरम घाटी नक्सली हमले को लेकर रायपुर में फिर से राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी वीर सपूतों और शहीदों का अपमान नहीं किया। झीरम घाटी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी और भाजपा सरकार व संगठन ने हमेशा नक्सलियों की कड़ी निंदा की है। केदार कश्यप ने कहा कि दीपक बैज भाजपा पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस के नेताओं के बयानों पर अपना रुख स्पष्ट करें। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह या छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं की ओर से नक्सलवाद को लेकर विवादित बयान सामने आने पर कांग्रेस नेतृत्व चुप क्यों रहता है। उन्होंने हिड़मा को ‘रोल मॉडल’ बताए जाने जैसी बातों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बयानों पर कांग्रेस खुलकर विरोध क्यों नहीं करती। शहीदों के नाम पर राजनीति न करे कांग्रेस मंत्री ने कहा कि कांग्रेस एक तरफ शहीदों के नाम पर राजनीति करती है, दूसरी तरफ नक्सलियों के प्रति सहानुभूति वाले बयानों पर चुप रहती है। उन्होंने दीपक बैज से पूछा कि ऐसे बयानों का वे सार्वजनिक रूप से विरोध क्यों नहीं करते। कश्यप ने इसे कांग्रेस की दोहरी नीति बताया। 5 साल सरकार रही, झीरम के साक्ष्य कहां गए? केदार कश्यप ने झीरम घाटी से जुड़े कथित साक्ष्यों को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तत्कालीन सरकार के मुख्यमंत्री लगातार दावा करते रहे कि उनके पास झीरम घटना से जुड़े पूरे साक्ष्य मौजूद हैं। इसके बावजूद कांग्रेस ने अपने पांच साल के शासन में उन साक्ष्यों को सामने क्यों नहीं रखा। उन्होंने सवाल किया कि यदि कांग्रेस के पास झीरम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य थे तो उन्हें सार्वजनिक करने और उनके आधार पर कार्रवाई करने से किसने रोका। शहीदों का सम्मान राजनीति का विषय नहीं केदार कश्यप ने कहा कि झीरम के शहीदों के नाम पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप बंद होना चाहिए। शहीदों का सम्मान भाजपा के लिए राजनीति का विषय नहीं, बल्कि सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर सपूतों का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। अब जानिए विवादित बयान क्या था दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में भाजपा की सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। भाजपा लगातार जनता का भरोसा खो रही है। यही वजह है कि भाजपा नेता जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। तिरंगा यात्रा को लेकर गृहमंत्री पर निशाना दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री तिरंगा यात्रा के दौरान झीरम जा रहे हैं। उन्हें झीरम जाना चाहिए, लेकिन वहां जाकर झीरम कांड को लेकर प्रायश्चित भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि झीरम की घटना में कांग्रेस के कई बड़े नेताओं समेत सुरक्षा जवानों की जान गई थी। ऐसे में इस घटना को राजनीतिक बयानबाजी का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर जनता को गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार झूठ बोल रही है और जनता को गुमराह कर रही है। बैज ने कहा था कि भाजपा नेताओं को झीरम कांड जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय शहीदों का सम्मान करना चाहिए और जनता के सामने अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *