![]()
पंजाब और चंडीगढ़ में आज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट और रूपनगर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बारिश के चलते पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। फिरोजपुर में सबसे अधिक 34.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। 14 अगस्त को पंजाब के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, पटियाला के रौणी में सबसे अधिक 35 मिमी बारिश हुई। पटियाला में 28.8 मिमी, लुधियाना में 25 मिमी, लुधियाना AWS में 11.5 मिमी, थेन डैम में 5 मिमी, KVK पठानकोट में 3 मिमी, बठिंडा में 1.5 मिमी, चंडीगढ़ में 0.8 मिमी और गुरदासपुर में 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मानसून दोबारा हुआ एक्टिव पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो फिरोजपुर से होते हुए झारखंड व पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव और बारिश होने की संभावना है। 13 हजार मेगावाट पहुंची बिजली की मांग पंजाब में शनिवार सुबह बिजली की मांग 13,203 मेगावाट रही। राज्य में कुल बिजली उत्पादन 4,209 मेगावाट दर्ज किया गया, जबकि ग्रिड से 8,995 मेगावाट बिजली ली गई। निर्धारित 9,388 मेगावाट के मुकाबले ग्रिड से 393 मेगावाट कम बिजली ली गई। डैम खतरे के निशान से नीचे भाखड़ा डैम का जलस्तर 1,620.17 फीट है, जो इसके अधिकतम 1,680 फीट के स्तर से 59.83 फीट नीचे है। डैम में 44,394 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 26,234 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, पोंग डैम का जलस्तर 1,353.41 फीट है, जो 1,390 फीट के अधिकतम स्तर से 36.59 फीट नीचे है। यहां 29,142 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है और 15,840 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। दोनों डैम फिलहाल खतरे के स्तर से नीचे हैं।
Source link
पंजाब में स्वतंत्रता दिवस पर बारिश का अलर्ट:चंडीगढ़ में छाए रहेंगे बादल, तापमान 3.3 डिग्री गिरा; डैम खतरे के निशान से नीचे
