शामली में रंगदारी मांगने वाले दो शातिर गिरफ्तार:50 लाख की रंगदारी मांगी थी, अवैध तमंचा और 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद




शामली पुलिस ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, यह मामला 12 अगस्त का है। गांधीगंज मंडी निवासी राजेश गोयल की पत्नी के मोबाइल फोन पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली शामली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। कोतवाली शामली पुलिस ने 15 अगस्त को कार्रवाई करते हुए इस मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर के जनकपुरी, थाना सिविल लाइन निवासी हर्ष पुत्र ब्रजमोहन और मुजफ्फरनगर के ग्राम सोहजनी जाटान, थाना तितावी निवासी मोहित उर्फ टीटू पुत्र मुकेश के रूप में हुई है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही पुलिस ने मोहित उर्फ टीटू के पास से एक अवैध तमंचा और 315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं, हर्ष के कब्जे से एक अवैध चाकू मिला। रंगदारी मांगने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संबंधित राज्यों और जनपदों से उनके आपराधिक इतिहास का विवरण जुटा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *