![]()
पानीपत जिले के मतलौडा में बिजली केबल चोरी के मामले में सीआईए-3 पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान करनाल जिले के गांव पदाना निवासी संजय और हांसी जिले के गांव बांस निवासी रिंकु के रूप में हुई है। ये दोनों रिश्ते में मामा-भांजा हैं। सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम रविवार देर शाम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दरियापुर मोड़ पर 2 संदिग्ध युवक पिकअप गाड़ी के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और दोनों युवकों को काबू कर लिया। 5 क्विंटल चोरी करना स्वीकार किया पूछताछ में आरोपियों ने 28 जुलाई की रात मतलौडा में अनाज मंडी रोड पर एक घर के पास रखे बिजली के पुराने तारों के 3 बंडल चोरी करना स्वीकार किया। मतलौडा थाना में बिजली विभाग के ठेकेदार वीरेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। चोरी किए गए तारों का वजन 5 क्विंटल था। कबाड़ी को 54 हजार रुपए में बेचे आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी किए गए तार एक कबाड़ी को 54 हजार रुपए में बेचे थे, जिसमें से 40 हजार रुपए नकद लिए और बाकी उधार रखे थे। उन्होंने अधिकांश पैसे खर्च कर दिए हैं। इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे ‘शॉर्ट कट’ तरीके से पैसे कमाना चाहते थे। सामान की जांच करने पर पता चला ठेकेदार वीरेंद्र ने बताया कि उनके मकान के सामने काफी पुराना सामान पड़ा हुआ था। 29 जुलाई की सुबह जब उन्होंने सामान की जांच की, तो उसमें से केबल के 3 बंडल गायब मिले। इसके बाद उन्होंने मतलौडा थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
Source link
पानीपत में 5 क्विंटल बिजली केबल चोरी का खुलासा:मामा-भांजा गिरफ्तार, पिकअप लेकर वारदात की फिराक में खड़े थे
