शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में मरीज को कथित तौर पर समय पर नहीं देखने और बिना हस्ताक्षर के ग्वालियर रेफर किए जाने के बाद रास्ते में मौत के मामले में कार्रवाई हुई है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की तीन सदस्यीय जांच रिपोर्ट और सिफारिशों के आधार पर दो जूनियर डॉक्टरों
.
मामला खनियाधाना तहसील के आहार बानपुर निवासी 50 वर्षीय हरिराम प्रजापति की मौत से जुड़ा है। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पहले खनियाधाना के सरकारी अस्पताल ले गए थे। वहां उपचार के बाद उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

बेटे ने वीडियो बनाकर डॉक्टर्स पर लगाया था आरोप।
बेटे ने वीडियो जारी कर लगाए थे आरोप
हरिराम के बेटे अरुण प्रजापति के मुताबिक, रात में मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद उनके पिता की डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने ठीक से जांच नहीं की और बाद में ग्वालियर रेफर कर दिया गया। अरुण ने यह भी आरोप लगाया कि ग्वालियर ले जाने के लिए रात करीब 4:30 बजे एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन वह सुबह करीब 6 बजे पहुंची। ग्वालियर ले जाते समय करीब 7:30 बजे रास्ते में हरिराम की मौत हो गई।
इसके बाद अरुण ने वीडियो जारी कर मेडिकल कॉलेज में उपचार और एंबुलेंस व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की।
जांच में समय पर परीक्षण नहीं करने की बात सामने आई
जांच रिपोर्ट के मुताबिक मरीज को समय पर नहीं देखा गया और उसे बिना हस्ताक्षर के रेफर किया गया था। रिपोर्ट की सिफारिश पर आकस्मिक चिकित्सा विभाग के जूनियर रेजीडेंट डॉ. राज यादव और मेडिसिन विभाग की जूनियर रेजीडेंट डॉ. प्रियंका ठाकुर को अगले आदेश तक निलंबित किया गया है।
वहीं मेडिसिन विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. रीतेश यादव और आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मल कदम को मरीज के परीक्षण और रेफरल प्रक्रिया में मिली कमियों के लिए चेतावनी पत्र जारी किए गए हैं।
पहले प्रबंधन ने बेड फुल होने की दी थी जानकारी
मामले में मेडिकल कॉलेज अधीक्षक आशुतोष चौरसी ने पहले बताया था कि मरीज रात करीब 3 बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचा था और उस समय सभी बेड भरे हुए थे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर किया था। अब जांच के बाद दो जूनियर डॉक्टरों के निलंबन और दो वरिष्ठ डॉक्टरों को चेतावनी की कार्रवाई की गई है।
यह खबर भी पढ़ें…
पिता की लाश के पास रोते हुए बनाया VIDEO

मध्य प्रदेश के शिवपुरी मेडिकल कॉलेज से ग्वालियर ले जाते समय 50 वर्षीय हरिराम प्रजापति की मौत हो गई। पिता की मौत के बाद बेटे अरुण प्रजापति ने लाश के पास बैठकर एक वीडियो बनाया। वीडियो में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और एंबुलेंस व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए। पिता को समय पर उचित इलाज मिल जाता तो उनकी जान बच सकती थी। पूरी खबर पढ़ें
