![]()
चंडीगढ़ में सरकारी संस्थानों और स्कूलों को धमकी भरे ईमेल और फोन कॉल मिलने के बाद अब डॉक्टर और क्लीनिक संचालक भी रंगदारी मांगने वालों के निशाने पर आ गए हैं। पिछले 24 घंटे में सेक्टर-18, 22, 23 और 40 में चार डॉक्टरों और स्वास्थ्य केंद्र संचालकों को फोन और वाट्सऐप के जरिए धमकाकर 50-50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई। आरोपी ने कुछ मामलों में वाट्सऐप पर क्यूआर कोड भेजकर रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। अलग-अलग जगहों से मिली शिकायतों में एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। सभी मामलों में दया गुजर ग्रुप का भी जिक्र किया गया है। महाराष्ट्र के नंबर से धमकियां पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस मोबाइल नंबर से डॉक्टरों और क्लीनिक संचालकों को धमकियां दी जा रही हैं, वह महाराष्ट्र के सचिन साकेत के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस अब नंबर की तकनीकी जांच के साथ कॉल डिटेल, वाट्सऐप चैट और क्यूआर कोड के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। डॉक्टर से फोन कर मांगे 50 हजार सेक्टर-23 निवासी डॉक्टर निधिश को मोबाइल पर फोन कर 50 हजार रुपये मांगे गए। आरोपी ने रकम अपने सहयोगी के पास शाम 7 बजे तक जमा कराने को कहा। पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। बातचीत के दौरान दया गुजर ग्रुप का भी जिक्र किया गया। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-22 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट में डॉक्टर सुखजिंदर सिंह को वाट्सऐप कॉल और चैट के जरिए धमकी दी गई। आरोपी ने 50 हजार रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से शाम 7 बजे तक ट्रांसफर करने को कहा। रकम नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। शिकायत मिलने के बाद चौकी-22 पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सेक्टर-18 निवासी रुचि आहूजा के क्लीनिक के रिसेप्शन मोबाइल नंबर पर भी वाट्सऐप के जरिए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का संदेश आया। आरोपी ने भुगतान के लिए क्यूआर कोड भी भेजा। शिकायत मिलने पर थाना-19 पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य केंद्र संचालक को भी धमकाया सेक्टर-40सी स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र के संचालक डॉक्टर हर्ष कुमार को भी इसी तरह का धमकी भरा संदेश मिला। डॉक्टर ने संबंधित मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद आरोपी की ओर से भेजे गए संदेश भी डिलीट हो गए। पुलिस के सामने आए चारों मामलों में एक ही मोबाइल नंबर से धमकी और रंगदारी मांगे जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल नंबर का इस्तेमाल वास्तव में कौन कर रहा था।
Source link
चंडीगढ़ में डॉक्टरों से 50-50 हजार की रंगदारी मांगी:महाराष्ट्र के नंबर से धमकियां, वाट्सऐप पर क्यूआर कोड भेजा, पुलिस कर रही नंबर ट्रेस
