![]()
सरगुजा जिले के ग्राम कुम्हरता में 10 माह पूर्व दंपती की हत्या कर फरार दो आरोपियों को द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों आरोपी बकरी चोरी करने की नीयत से दंपती के घर घुसे थे और रात को उन्होंने दंपती की हत्या कर दी। आरोपी बकरी चोरी कर फरार हो गए थे। दरिमा थाना पुलिस ने हत्याकांड के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने रात को मृतक के घर ही शरण ली थी और बकरा चोरी के दौरान जागने पर उनकी हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, 22-23 अक्टूबर 2025 की दरमियानी रात ग्राम कुम्हरता घाघी में दंपती की हत्या कर दी गई थी। 23 अक्टूबर की सुबह घर की परछी में रीमा लकड़ा एवं उनकी पत्नी जुली लकड़ा उर्फ उर्मिला के शव पड़े मिले थे। दरिमा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घर से बकरे भी गायब थे। पुलिस ने मामले में आरोपी करीमन मझवार (42 वर्ष) और जय श्याम (28 वर्ष) दोनों निवासी-पंपापुर, दरिमा को गिरफ्तार किया था। दोनों रात में मृतकों के घर रूके थे। उन्होंने चोरी किए गए बकरों को कटवाकर पार्टी भी की थी। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों व फारेंसिक सबूतों पर मिली सजा विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी करीमन मझवार एवं जय श्याम के कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद की थी। आरोपियों द्वारा घटना के समय पहने गए शर्ट भी पुलिस ने जब्त किए, जिन पर खून जैसे धब्बे पाए गए थे। इसके साथ ही घटनास्थल से मृतक एवं मृतिका के शव के पास पड़े खून के नमूने लिए गए थे। एफएसएल से घटना में प्रयुक्त हथियार और कपड़ों का क्यूरी परीक्षण भी कराया गया। मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो द्वारा की गई। मामले में 14 दिसंबर 2025 को न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया। मामले में सुनवाई के दौरान कोर्ट में 16 महत्वपूर्ण गवाहों के कथन और 46 आर्टिकल साक्ष्य के रूप में पेश किए। द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत ने ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी करीमन मझवार और जय श्याम को दोषी पाते हुए धारा 103(1) और धारा 3(5) तथा धारा 332(क) के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आईजी ने की इनाम की घोषणा दोहरे हत्याकांड में न्यायालय के फैसले में पुलिस की प्रभावी विवेचना, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन और अभियोजन की मजबूत पैरवी की सरगुजा आईजी ने सराहना की है। सरगुजा आईजी दीपक झा ने प्रकरण के विवेचना अधिकारी निरीक्षक राजेश खलखो तथा विवेचना में सहायक रहे दरिमा स्टॉफ के उत्साहवर्धन हेतु उचित इनाम देने की घोषणा की है।
Source link
सरगुजा में दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को आजीवन कारावास:बकरी चोरी करने पहुंचे थे, पति-पत्नी की हत्या कर हुए थे फरार
