![]()
देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र के अहिरौली टोला निवासी अशोक प्रसाद (33) की दुबई में मौत हो गई। परिजनों को मंगलवार शाम एजेंट के माध्यम से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है। अशोक लगभग तीन महीने पहले परिवार का कर्ज चुकाने के लिए दुबई गए थे। परिजनों के अनुसार, अशोक ने अपनी बहन की शादी के खर्च के कारण हुए कर्ज को चुकाने के उद्देश्य से विदेश का रुख किया था। दुबई में वह एक बिल्डिंग में वेल्डिंग का काम करते थे। बताया गया कि सोमवार दोपहर अशोक ने फोन पर अपने परिवार के सदस्यों से बात की थी। परिजनों के मुताबिक, बातचीत के दौरान वह कुछ परेशान लग रहे थे। उनके पिता अर्जुन शाह ने उन्हें चिंता न करने और कर्ज धीरे-धीरे चुकाने की सलाह दी थी। इसी दिन शाम करीब आठ बजे दुबई में अशोक के एजेंट ने परिजनों को फोन कर उनकी मौत की सूचना दी। यह खबर मिलते ही मां राजमती देवी, पत्नी बिंदु देवी, भाई संतोष और बहन गीता कुमारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों में दुख छा गया। एजेंट ने परिजनों को बताया कि अशोक के शव का दुबई में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों के संबंध में अधिक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव को दुबई से गांव लाए जाने की तैयारी की जा रही है। परिजन शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। परिवार में अशोक की मौत के बाद से गहरा मातम पसरा हुआ है।
Source link
दुबई में देवरिया के युवक की मौत:कर्ज चुकाने को गया था विदेश, एजेंट ने परिजनों को दी जानकारी
