![]()
हांसी के बास क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी सिमरन किन्नर ने एक व्यक्ति पर उन्हें और उनके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। सिमरन ने हांसी के पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के अनुसार, आरोपी नरेश, सिमरन से किसी बात को लेकर रंजिश रखता है और उन्हें लगातार परेशान करता है। सिमरन का आरोप है कि 11 अगस्त को उन्होंने आरोपी के खिलाफ बास थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 13 अगस्त को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। आरोप है कि थाने में पुलिसकर्मियों के सामने ही नरेश ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। सिमरन का कहना है कि इस घटना के बावजूद आरोपी के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। 11 अगस्त को वायरल हुई थी वीडियो गौरतलब है कि 11 अगस्त की घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। एक वीडियो में एक व्यक्ति हाथ में लाठी लेकर वीडियो बनाने वाले की ओर दौड़ता दिखाई दे रहा है, जिसे एक बुजुर्ग महिला और एक छोटी बच्ची रोकने की कोशिश कर रही हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में सिमरन थाना परिसर में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने की बात कहती नजर आ रही हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया था। डीएसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन बुधवार को हांसी में डीएसपी रविंद्र सांगवान से मुलाकात के बाद सिमरन ने बताया कि डीएसपी ने मामले की जल्द जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। सिमरन ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है, क्योंकि आरोपी उनके छोटे भाई को भी धमकी दे रहा है। उन्होंने बताया कि वह और उनका परिवार इस पूरे मामले को लेकर भयभीत हैं। सिमरन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ धमकी देने सहित अन्य आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Source link
हांसी में किन्नर को जान से मारने की धमकी:बोलीं- आरोपी रखता है रंजिश, पुलिस दोनों को बुला चुकी थाने, डीएसपी से शिकायत
