Headlines

मानेसर में सील तोड़कर चल रहे अवैध आरएमसी प्लांट ध्वस्त:नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई, 20 दिन पहले कराया गया था बंद




गुरुग्राम जिले में मानेसर नगर निगम की टीम ने बुधवार को गांव नौरंगपुर स्थित एक अवैध रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह प्लांट पहले सील किया गया था, लेकिन संचालक द्वारा सील तोड़कर इसे दोबारा संचालित किया जा रहा था। नगर निगम की प्रवर्तन शाखा ने इस आरएमसी प्लांट पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। निगम की टीम ने 29 जुलाई को बिना अनुमति संचालन के कारण इस प्लांट को सील किया था। सील खोलने और दोबारा संचालन की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त किया गया निर्माण यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ शशिकांत के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में एसडीओ विकास शर्मा, जेई देवेंद्र, जयबीर यादव, मंदीप और टेक्निकल सुपरवाइजर धीरज सहित निगम की प्रवर्तन शाखा के अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। स्थानीय पुलिस सुरक्षा के बीच टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लांट की मशीनरी और अवैध ढांचे को ध्वस्त किया। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने बताया कि सीलिंग की कार्रवाई का उल्लंघन करना गंभीर कानूनी अपराध है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्लांट ध्वस्त करने के साथ-साथ संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। संबंधित प्लांट संचालक के खिलाफ आवश्यक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संयुक्त आयुक्त ने निगम क्षेत्र के सभी आरएमसी प्लांट संचालकों से अपील की कि जिनके पास वैध लाइसेंस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेज हैं, वे उन्हें तत्काल निगम कार्यालय में प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति के संचालित किसी भी प्लांट को चलने नहीं दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *