![]()
हरियाणा के पानीपत और फरीदाबाद में बुधवार को तेज बारिश हुई। बरसात के कारण शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे ट्रैफिक में दिक्कत आई। उधर, पहाड़ों पर बरसात की वजह से अंबाला कैंट में टांगरी नदी का जलस्तर मंगलवार रात को अचानक बढ़ गया। रात 11ः30 बजे के आसपास की 10 कॉलोनियों में करीब 3 फुट तक पानी भर गया। हालांकि, यह पानी बुधवार अल सुबह उतरना शुरू हो गया था। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नदी का जलस्तर 27,720 क्यूसेक तक पहुंच गया है। प्रशासन ने पहले ही अनाउंसमेंट करवा दी थी, जिससे समय रहते लोग अपना सामान सुरक्षित कर लिया। वहीं, पंचकूला जिले में बरसात के बाद मोरनी हिल एरिया में लैंडस्लाइड हो गया। इससे कई मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि बारिश जारी रही तो मिट्टी खिसकने का सिलसिला तेज हो सकता है। उन्होंने पंचकूला जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। पंचकूला में घग्गर नदी में अभी भी काफी पानी बह रहा है। इसके अलावा सोनीपत के कबीरपुर में बारिश के बाद घर में करंट उतरने से 30 वर्षीय आकाश की मौत हो गई। बुधवार सुबह लोहे की सीढ़ियों से छत पर जाते समय आकाश ने जैसे ही सीढ़ियों को छुआ, उसे तेज करंट लग गया। बचाने पहुंचे परिजनों को भी करंट का झटका लगा। बारिश से हुई घटनाओं के PHOTOS… अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम, एक्सपर्ट से जानिए… भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर भारत में बने नए मानसूनी तंत्र और उत्तरी हरियाणा पर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते प्रदेश में मानसूनी हवाएं एक बार फिर से जोर पकड़ रही हैं। 20 अगस्त को हरियाणा में बारिश कम होगी। 21 अगस्त से मानसून के एक बार फिर रफ्तार पकड़ने का अनुमान है। उत्तरी, दक्षिणी और मध्य हरियाणा के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर सहित कई जिलों में तेज वर्षा की संभावना जताई गई है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… हिसार 36.8°C के साथ सबसे गर्म : प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान कल की तुलना में 0.2°C कम दर्ज हुआ और यह सामान्य के करीब रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हिसार में 36.8°C दर्ज किया गया। इसके अलावा नारनौल में 36.0°C, रोहतक व भिवानी में 35.9°C, पलवल व फरीदाबाद में 35.8°C और सिरसा में 35.5°C दर्ज हुआ। दूसरी ओर, बारिश के कारण यमुनानगर 31.1°C और कुरुक्षेत्र 32.6°C पारा रहा। यमुनानगर में रात सबसे ठंडी : प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर में 23.8°C दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में 24.5°C, पंचकूला में 24.8°C और गुरुग्राम में 25.1°C तापमान रहा। इसके विपरीत नूंह 28.1°C और सिरसा 28.1°C में रातें सबसे गर्म रहीं। पिछले 24 घंटों में पंचकूला में 67.0 MM और यमुनानगर हथनीकुंड में 53.0 MM भारी बारिश दर्ज की गई।
Source link
अंबाला में टांगरी ओवरफ्लो, घरों में 3 फीट तक पानी:सोनीपत में करंट से युवक की मौत, मोरनी एरिया में लैंडस्लाइड; 2 जिलों में तेज बारिश
