![]()
हमीरपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर के पिता पर पत्रकार को फोन कर जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगा है। धमकी से जुड़ा ऑडियो भी सामने आया है। पत्रकार ने पुलिस को सूचना देकर अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। मामला हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने और चाकूबाजी की खबर प्रकाशित करने से जुड़ा बताया जा रहा है। पत्रकार असद खान उर्फ गोलू के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर शहजाद खान उर्फ बउवा जंगली के पिता राजा मियां ने उनके जीजा को फोन किया। आरोप है कि फोन पर शहजाद के खिलाफ दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में समझौता कराने की बात कही गई। समझौता न करने पर एक घंटे के भीतर जान से मरवाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप है। फेसबुक पोस्ट के बाद धमकी से परिवार में डर पत्रकार का कहना है कि दो दिन पहले शहजाद खान ने फेसबुक पर भी उसके खिलाफ पोस्ट की थी। इसके बाद धमकी मिलने से वह और उसका परिवार भयभीत है। पत्रकार ने पुलिस से मामले की जांच के साथ सुरक्षा की मांग की है। दो युवकों पर हुआ था चाकू से हमला दरअसल, सदर कोतवाली क्षेत्र में विद्या मंदिर के पास 17 अगस्त की देर रात दो युवकों पर चाकू से हमला हुआ था। हमले में सैफ के चेहरे पर चोट लगी थी, जबकि ओवैस की गर्दन पर गंभीर घाव हुआ था। हालत गंभीर होने पर ओवैस को कानपुर रेफर किया गया था। हत्या के प्रयास में शहजाद समेत दो पर मुकदमा घटना के बाद पुलिस ने शहजाद खान समेत एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की थी। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। इसी घटना से जुड़ी खबर प्रकाशित किए जाने के बाद पत्रकार को धमकी दिए जाने का आरोप है। ऑडियो की जांच के बाद होगी कार्रवाई सदर कोतवाली प्रभारी रामकुमार ने बताया कि पत्रकार की ओर से मामले की सूचना मिली है। केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। सामने आए ऑडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
Source link
हमीरपुर में पत्रकार को धमकी:हिस्ट्रीशीटर के पिता पर एक घंटे में जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप, ऑडियो सामने आया
