![]()
जयपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। वहीं एक महिला, एक बच्चा और एक युवक को चोट आई है। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीन साल के मासूम कार्तिक की मौत हो गई। विश्वकर्मा थाना इलाके में रोड नंबर 17 के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोयल धर्मकांटा के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर एक महिला, उसके दो बच्चे और धर्मभाई सवार थे। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीन साल के मासूम कार्तिक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां रीना, बहन साक्षी और बाइक चला रहे धर्मभाई कैलाश को चोटें आई हैं। तीनों को उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मुरलीपुरा की तरफ जा रहे थे, सामने से आया ट्रक विश्वकृमा थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया- कृष्णा विहार अखेपुरा निवासी रीना अपने तीन साल के बेटे कार्तिक और बेटी साक्षी के साथ किसी काम से मुरलीपुरा की तरफ जा रही थी। बाइक रीना के धर्मभाई कैलाश चला रहे थे। रोड नंबर 17 पार करने के बाद गोयल धर्मकांटा के सामने सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन साल के कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। रीना, साक्षी और कैलाश के हल्की चोटें आई हैं। तीनों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। हादसे के बाद रुका, फिर चालक ने दौड़ा दिया ट्रक प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक कुछ देर के लिए मौके पर रुका था। इसके बाद चालक ने अचानक ट्रक वापस दौड़ा दिया। सड़क पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक और मासूम कार्तिक को रौंदते हुए ट्रक आगे निकल गया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पीछा कर ट्रक चालक को पकड़ा हादसे के बाद लोगों ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर लोगों ने ट्रक को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान चालक कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने ड्राइवर को भी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि दुर्घटना और उसके बाद हुई पूरी घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।
Source link
जयपुर में ट्रक ने बाइक-सवार को मारी टक्कर,बच्चे की मौत:मां-बेटी-भाई घायल; हादसे के बाद भागते ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा
