![]()
सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर सेक्टर-7 फ्लाईओवर के पास शुक्रवार देर रात करीब एक बजे सड़क हादसा हो गया। दरअसल, पंजाब रोडवेज की बस पहले सड़क किनारे खड़े कैंटर से टकरा गई। इसके बाद बस चालक और परिचालक नीचे उतरकर नुकसान देखने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिचालक घायल हो गया। सूचना मिलने पर बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। दिल्ली जा रही थी पंजाब रोडवेज की बस जानकारी के अनुसार, पंजाब के गुरदासपुर निवासी 30 वर्षीय जसविंदर सिंह पंजाब रोडवेज के कपूरथला डिपो की बस चला रहे थे। बस यात्रियों को लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। सेक्टर-7 फ्लाईओवर के पास पहुंचने पर बस सड़क किनारे खड़े कैंटर के पीछे से टकरा गई। टक्कर से बस को भी नुकसान पहुंचा है। क्षतिग्रस्त बस को देख रहे थे चालक-परिचालक कैंटर से टक्कर के बाद चालक जसविंदर सिंह और परिचालक सरबजीत सिंह बस से नीचे उतर आए। दोनों बस को हुए नुकसान को देखने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने पंजाब रोडवेज की बस को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक की मौके पर मौत, परिचालक घायल ट्रक की टक्कर की चपेट में आने से चालक जसविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिचालक सरबजीत सिंह भी हादसे में घायल हुए। सूचना मिलने पर बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परिचालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। बस में सवार यात्रियों को भी हादसे के बाद परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजनों के अनुसार, जसविंदर सिंह करीब पांच साल से पंजाब रोडवेज में चालक के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो साल का बेटा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। ट्रक चालक की तलाश में पुलिस बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ आरोपी ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
Source link
सोनीपत में पंजाब रोडवेज बस को ट्रक ने मारी टक्कर:ड्राइवर की मौत, कंडक्टर घायल; पहले एक्सीडेंट से हुआ नुकसान देखने उतरे थे
