![]()
अबोहर के जम्मू बस्ती इलाके से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक कलह से तंग आकर एक व्यक्ति ने देर रात नहर में छलांग लगा दी। लापता व्यक्ति की पहचान जम्मू बस्ती की गली नंबर 3 के निवासी रिंकू (35) पुत्र मिठू सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस व समाज सेवी संस्थाएं लगातार नहर में उसकी तलाश कर रही हैं। कहासुनी के बाद घर से निकला था रिंकू प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 12 बजे रिंकू का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद वह गुस्से में अपनी स्कूटी लेकर घर से निकल गया। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन भी उसके पीछे-पीछे निकले। जब वे हनुमानगढ़ रोड स्थित मलूकपुरा नहर के पास पहुंचे, तो रिंकू ने उनके देखते ही देखते नहर में छलांग लगा दी। नहर के किनारे उसकी स्कूटी खड़ी हुई मिली। तेज बहाव के कारण तलाश में आ रही दिक्कतें घटना की सूचना तुरंत थाना नंबर 1 और थाना नंबर 2 की पुलिस को दी गई। इसके साथ ही, परिजनों ने प्रसिद्ध समाज सेवी संस्था ‘नर सेवा नारायण सेवा समिति’ के सहयोग से रात को ही सर्च ऑपरेशन शुरू करवाया। हालांकि, नहर में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण गोताखोरों और बचाव दल को तलाश अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक रिंकू का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। परिवार में पसरा मातम बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह दो मासूम बेटियों का पिता है। इस आत्मघाती कदम के बाद से पत्नी और बच्चों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता व्यक्ति को ढूंढने के प्रयास लगातार जारी हैं।
Source link
अबोहर में 35 साल का युवक नहर में कूदा:पारिवारिक कलह में दो बेटियों के पिता ने उठाया कदम, स्कूटी बरामद, गोताखोर कर रहे तलाश
