![]()
हांसी जिले के गांव भकलाना की 19 वर्षीय पहलवान तनु शर्मा ने स्लोवाकिया में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है। 16 से 21 अगस्त तक चली इस प्रतियोगिता के 72 किलोग्राम भार वर्ग में तनु ने यह उपलब्धि हासिल कर देश और अपने गांव का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में तनु ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने शुरुआती मुकाबले में हंगरी की पहलवान को 6-0 से हराया। इसके बाद रूस की खिलाड़ी को 9-5 से मात दी। सेमीफाइनल में तनु ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 11-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में जापान की पहलवान से मुकाबला फाइनल मुकाबले में तनु का सामना जापान की पहलवान से हुआ। हाफ टाइम तक तनु 3-0 की बढ़त बनाए हुए थीं, लेकिन अंतिम क्षणों में जापानी खिलाड़ी ने वापसी करते हुए 5-3 से मुकाबला जीत लिया। इस परिणाम के साथ तनु को प्रतियोगिता में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकीं तनु के पिता, संस्कृत अध्यापक वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि तनु को बचपन से ही कुश्ती का शौक था। उनकी प्रतिभा को देखते हुए चाचा नरेंद्र फौजी ने उन्हें कुश्ती का प्रशिक्षण दिलाना शुरू किया। वर्तमान में तनु हिसार की साईं स्पोर्ट्स अकादमी में अभ्यास कर रही हैं। तनु शर्मा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं। अब उनका लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल करना है। गांव पहुंचने पर हुआ स्वागत वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद अपने पैतृक गांव भकलाना पहुंचने पर तनु शर्मा का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। ग्रामीणों ने तनु की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Source link
हांसी की बेटी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता सिल्वर:फाइनल में जापान की पहलवान से मुकाबला, ग्रामीणों ने किया स्वागत
