![]()
एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत को लेकर कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। हल्दीबाड़ी की खराब सड़कों पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भर गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन गड्ढों में धान के पौधे लगाकर विरोध जताया। इस प्रदर्शन के जरिए उन्होंने नगर निगम प्रशासन का ध्यान सड़कों की समस्या की ओर दिलाने की कोशिश की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि चिरमिरी की कई सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है। बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन ने बताया कि सड़कों की समस्या को लेकर महापौर और नगर निगम के अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक सड़कों की मरम्मत के लिए कोई ठोस काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि समय के साथ गड्ढे और बड़े होते जा रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी भी बढ़ रही है। वहीं, पूर्व महापौर के. डमरू रेड्डी ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह से 10 दिन के भीतर गड्ढों को नहीं भरा गया और सड़क सुधार का काम शुरू नहीं हुआ, तो कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर चंदा जमा करेंगे और उसी पैसे से सड़कों के गड्ढे भरेंगे। इधर, स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रदर्शन के बाद सड़कों की मरम्मत के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे।
Source link
सड़क के गड्ढों में भरा पानी, कांग्रेसियों ने रोपे धान:चिरमिरी के हल्दीबाड़ी में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, निगम प्रशासन को घेरा
