![]()
पंचकूला उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत खेड़ावाली के सरपंच लाभ सिंह को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई गांव में बड़े पैमाने पर अवैध खनन और अत्यधिक खुदाई पाए जाने के बाद की गई है। खंड पिंजौर के गांव खेड़ावाली के निवासियों ने उपायुक्त को गांव में अवैध खनन की शिकायत दी थी। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने तुरंत कार्रवाई की। सोमवार को उपायुक्त सतपाल शर्मा ने पुलिस उपायुक्त, पंचकूला के उपमंडल अधिकारी नागरिक, जिला खनन अधिकारी, गैर-सरकारी सदस्य विजय कालिया और सुच्चा राम के साथ शिकायतकर्ताओं एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में गांव का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गांव के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की पुष्टि हुई। सरपंच ने नहीं दी अवैध खनन की सूचना उपायुक्त ने बताया कि पंचकूला जिले के सभी सरपंचों को पहले ही निर्देश दिए गए थे कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। इसके बावजूद, ग्राम पंचायत खेड़ावाली के सरपंच लाभ सिंह द्वारा जिला प्रशासन को अवैध खनन की सूचना नहीं दी गई। इसे गंभीरता से लेते हुए सरपंच को निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने खनन अधिकारी को अवैध खनन करने वाले अन्य दोषियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
अवैध खनन पर खेड़ावाली का सरपंच निलंबित:पंचकूला डीसी सतपाल शर्मा ने दिए आदेश, गांव में मिली बड़े पैमाने पर खुदाई
