अस्पताल में एडमिट घायल बुजुर्ग।
उमरिया जिले के करकेली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहा के घोरमारा टोला में सोमवार रात एक बुजुर्ग 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। 60 वर्षीय नरदु कोल अपने घर की छत पर थे, तभी यह हादसा हुआ।
.
छत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट का झटका लगा। इस घटना में बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए और उनके सिर में भी चोट आई है। जानकारी के अनुसार, अंधेरे के कारण नरदु कोल को छत के ऊपर से गुजर रहा विद्युत तार दिखाई नहीं दिया। जैसे ही वह तार के संपर्क में आए, उन्हें करंट लग गया।

हादसे में घायल बुजुर्ग।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। जिला अस्पताल में नरदु कोल का उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन वे अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं।
