Headlines

मोहाली-राखी बंधवाने जा रहे युवक की हादसे में मौत:3 बहनों के इकलौते भाई को अज्ञात वाहन ने रौंदा; होटल में था इलेक्ट्रिशियन




मोहाली में रक्षाबंधन पर अपने घर राखी बंधवाने जा रहे 3 बहनों के इकलौते भाई की आज सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा एयरपोर्ट चौक पर भारत माला रोड पर हुआ है। शव को पुलिस ने मॉर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान परमप्रीत (23) के रूप में हुई है। वह गांव मच्छलीकलां का रहने वाला था। अभी तक वह अविवाहित था। बेटे की मौत से परिवार वाले काफी टूट गए हैं। वहीं, पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि हादसे का पता चल सके। अब 3 प्वाइंटों में जानिए सारा मामला :- 1. युवक पेशे से इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। वह जीरकपुर के एक होटल में पिछले 6 महीने से काम कर रहा था। साथ ही, वहां पर अपनी रिश्तेदारी में रह रहा था। घर की जिम्मेदारी भी युवक पर थी। आज सुबह करीब साढ़े सात बजे वह छुट्टी के बाद जीरकपुर से सीधे अपने घर बाइक पर जा रहा था। जैसे ही वह एयरपोर्ट रोड पर भारत माला प्रोजेक्ट के पास पहुंचा, तो अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान वाहन की टक्कर के बाद वह सड़क किनारे जाकर गिरा।
2. गुरजीत सिंह, जो उसका दोस्त है, ने बताया कि सड़क के डिवाइडर का एंगल उसके सिर पर लगा था, जिस वजह से खून बह जाने से उसकी मौत हो गई। उसने बताया कि सुबह के समय ट्रैफिक कम होता है। ऐसे में उस पर किसी की नजर नहीं पड़ी। लेकिन जैसे ही एक राहगीर वहां से गुजरा, तो उसने पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब तक एंबुलेंस पहुंची, तब तक काफी देर हो चुकी थी। 3. गुरजीत ने बताया कि मृतक के पिता भी बुजुर्ग हैं। वह थोड़ा-बहुत ही काम कर पाते हैं, जबकि बेटे पर ही परिवार को संभालने की जिम्मेदारी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। वहीं, उम्मीद है कि कल पोस्टमार्टम होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *