![]()
नंदिनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे में बच्चे के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना मुरमुंदा के पास हुई, जहां स्पोर्ट्स बाइक और कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी निवासी पिता अपने 3 साल के बच्चे के साथ स्पोर्ट्स बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मुरमुंदा के पास सामने से आ रही कार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 3 साल के बच्चे ने दम तोड़ दिया। वहीं, बच्चे के पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की। बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। कार चालक से पूछताछ, हादसे की वजह की जांच पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और बाइक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ले रही है। दोनों वाहनों की स्थिति और सड़क पर मिले साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
Source link
दुर्ग में सड़क हादसा:स्पोर्ट्स बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर, 3 साल के बच्चे की मौत; पिता गंभीर हालत में एम्स में भर्ती
