![]()
जालंधर के किशनपुरा रोड स्थित सेंट जॉर्ज कॉन्वेंट स्कूल में चोरों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दो महीने के भीतर तीसरी बार चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोर स्कूल से एलईडी और एसी का आउटडोर यूनिट उखाड़कर रफूचक्कर हो गए। चोरों की यह करतूत स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्कूल प्रिंसिपल ने इस संबंध में सूर्य एंक्लेव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। स्कूल प्रशासन का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले दो महीनों में चोरों ने स्कूल को अपना आसान निशाना बना लिया है। तीन घंटे तक चक्कर कटवाती रही पुलिस, नहीं पहुंचा कोई अधिकारी स्कूल की शिक्षिका जसविंदर ने पुलिस की लापरवाही पर गहरा रोष जताते हुए बताया कि शनिवार सुबह 8 बजे ही पुलिस को चोरी की सूचना दे दी गई थी। लेकिन बेहद शर्मनाक बात है कि दोपहर 11 बजे तक भी कोई पुलिस अधिकारी बयान दर्ज करने स्कूल नहीं पहुंचा। शिक्षिका के अनुसार हमने एएसआई (ASI) को फोन किया, तो तीन घंटे बीतने के बाद उन्होंने मुंशी का नंबर थमा दिया। मुंशी को फोन किया तो उसने किसी अन्य पुलिसकर्मी का नंबर दे दिया। पुलिस हमें सिर्फ नंबरों के खेल में उलझाती रही, लेकिन मौके पर कोई नहीं आया।” 2 महीने में 3 चोरियां: कब सोकर जागेगी पुलिस? पहली चोरी (जून): चोर स्कूल से कीमती एलईडी और बिजली की तारें चोरी कर ले गए थे। दूसरी चोरी (जुलाई): चोरों ने स्कूल में धावा बोलकर अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान साफ कर दिया। तीसरी चोरी (अगस्त): इस बार चोर एलईडी और एसी का आउटडोर यूनिट ले उड़े। बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता शिक्षिका जसविंदर ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सूर्य एंक्लेव थाना स्कूल से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। जब थाने के बिल्कुल नजदीक स्थित एक नामी स्कूल ही सुरक्षित नहीं है और पुलिस इतनी लापरवाह है, तो फिर स्कूल में आने वाले सैकड़ों बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। स्कूल प्रशासन ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और इलाके में गश्त बढ़ाई जाए।
Source link
जालंधर में एक स्कूल में दो महीने में तीसरी चोरी:एलईडी और एसी आउटडोर उखाड़ ले गए चोर, पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप
