![]()
कैथल में देर रात को ढांड रोड पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब सफाई करने पहुंचे प्रशासन के अमले का सफाई कर्मचारियों ने विरोध कर दिया। सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच शहर में कचरा उठवाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। रात को प्रशासन सड़कों से कचरा हटाने के लिए पहुंचा था। जैसे ही सफाई कर्मचारियों को इस बात का पता लगा तो वे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कचरा उठाने का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रशासन को कचरा उठाने से रोकने का हर संभव प्रयास किया। इस बीच प्रशासन ने कुछ कचरे का उठान भी करवा दिया। कर्मचारियों के विरोध को देखकर बंद किया उठान नगरपालिका कर्मचारी संघ के सचिव विक्की टांक और गौरव कुमार ने कहा कि कूड़ा कचरा उठान की सूचना पाकर वे घटना स्थल पर गए थे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के दौरे को देखते हुए यह कचरा उठान करवाया जा रहा था। पुलिस कर्मी लगातार उनको रोकते रहे और कचरे के ढेर के पास पहुंच गए। इस दौरान प्रशासन ने एक डंपर कचरा तो उठा दिया था, लेकिन बाद में कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए कचरा उठान बंद कर दिया और वाहनों को लेकर वापस चले गए। उसके बाद कर्मचारी भी अपने घरों को लौट गए। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक वे न तो खुद सफाई करेंगे और न ही किसी को सफाई करने देंगे। गंदगी से अटी शहर की सड़कें दूसरी ओर शहर में सफाई न होने के कारण जगह जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। शहर की करीब आधी आधी सड़कों पर कचरा फैला हुआ है। शहर के तंग बाजारों में कचरे के कारण लोगों को निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा, जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो रही है।
Source link
कैथल में प्रशासन द्वारा सड़कों से कचरा हटाने का प्रयास:कर्मचारियों ने किया विरोध, रात को अंधेरे में करवाया जा रहा था उठान
