Headlines

रात में सड़क पर लिफ्ट मांग रहे युवक की हत्या:चिचोला जाने के लिए रूकवा रहा था ट्रक, बाद में स्कूटी सवार युवकों से बहस हुआ तो चाकू मारकर भागे, इलाज के दौरान मौत




भिलाई के नेहरू नगर चौक पर शनिवार रात करीब 11:30 बजे मामूली बात पर हुई बहस ने 26 साल के युवक की जान ले ली। कैंप-1 का शिव कुमार सिंह चिचोला जाने के लिए सड़क पर लिफ्ट लेने की कोशिश कर रहा था। उसने पहले एक ट्रक को रुकवाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोक लिया। इसी बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई। आरोप है कि स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार की जांघ के ऊपर सामने की तरफ वार कर दिया। चाकू लगने के बाद शिव कुमार सड़क पर गिर गया। वारदात के बाद स्कूटी सवार युवक मौके से भाग निकले। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी दो स्कूटी में सवार थे। इनमें चार युवक और एक लड़की के होने की बात सामने आई है। आरोपी नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडर ब्रिज की तरफ गए और वहां से टाउनशिप की ओर निकल गए। दोस्त के साथ पहुंचा था नेहरू नगर चौक
पुलिस के अनुसार शिव कुमार सिंह, पिता अवधेश सिंह, 151-डी सुभाष चौक, कैंप-1 का रहने वाला था। वह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। इसी दौरान उसने आगे जाने के लिए सड़क पर ट्रक से लिफ्ट लेने की कोशिश की। ट्रक नहीं रुका तो उसने पास से गुजर रही स्कूटी को रोकने की कोशिश की। स्कूटी पर सवार लोगों से इसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्कूटी सवार एक युवक ने शिव कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। जांघ के ऊपर चाकू लगने से गंभीर घायल
चाकू शिव कुमार के बाएं पैर में जांघ के ऊपर सामने की तरफ लगा। ज्यादा खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने के बाद सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार को इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज भेज दिया। शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रविवार सुबह शिव कुमार की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को हत्या के मामले में आगे बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी। साथ खड़े दोस्त ने भी नहीं देखा नंबर
वारदात के समय शिव कुमार के साथ उसका दोस्त शिशांत भी मौजूद था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपियों की स्कूटी का नंबर नहीं देख पाया। यही वजह है कि पुलिस अब मौके के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। सुपेला पुलिस ने नेहरू नगर चौक, ब्रिज के नीचे और अंडर ब्रिज की तरफ लगे कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से टाउनशिप की ओर गए। मामूली बहस के बाद चाकू से हमला
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शिव कुमार और स्कूटी सवारों के बीच विवाद की शुरुआत लिफ्ट के लिए स्कूटी रोकने की बात को लेकर हुई थी। कुछ ही देर की बहस के बाद एक युवक ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी कौन थे और उनके पास चाकू कहां से आया। सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *