Headlines

Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos and More From Dainik Bhaskar


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

38 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

केंद्रीय मंत्री और LJP(R) के अध्यक्ष चिराग पासवान को मंगलवार को जान से मारने की धमकी मिली। डाक से मिले लेटर में लिखा है- कट्टर आतंकवादी जल्द ही आपकी हत्या कर देंगे। मंत्री के कार्यालय ने उन्हें मिली धमकी के बारे में केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

PM मोदी शिक्षक दिवस पर Gen-Z के साथ सीधे बात करेंगे, दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में होगा प्रोग्राम

PM नरेंद्र मोदी शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में युवाओं और Gen-Z के साथ सीधे बातचीत करेंगे।

सरकार के आश्वासन के बाद CJP ने 5 सितंबर को होने वाला मार्च रद्द किया

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सौरव दास सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश हुए और कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने के लिए केंद्र द्वारा उठाए गए कदमों को देखते हुए CJP ने 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च का आह्वान वापस ले लिया है।

वहीं, सरकार की ओर से कोर्ट में पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद CJP नेताओं को दी गई तीनों आश्वासनों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

महाराष्ट्र के नांदेड में जीप पेड़ से टकराई, 3 की मौत, 7 घायल

महाराष्ट्र के नांदेड में तेज रफ्तार जीप सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हादसा सोमवार शाम करीब 6 बजे तोटांबा फॉरेस्ट घाट में हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग तेलंगाना के निर्मल जिले के रहने वाले थे।

सभी लोग नांदेड में झरना देखने और मंदिर में दर्शन करने आए थे। वापस घर लौटते समय ड्राइवर ने जीप से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद जीप सड़क से उतरकर किनारे लगे एक बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

तेलंगाना में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, एक-दूसरे के दफ्तर और घर पर हमले

तेलंगाना के नलगोंडा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सोमवार रात झड़प हो गई। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने BJP जिलाध्यक्ष नागम वार्षित रेड्डी के घर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी के कैंप ऑफिस और BJP जिला कार्यालय पर सुरक्षा बढ़ा दी।

यह विवाद सोमवार को BJP कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री के कैंप ऑफिस में कथित तोड़फोड़ के बाद शुरू हुआ। इससे पहले यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान BJP कार्यालय के गेट पर काला रंग फेंका गया था। पुलिस के मुताबिक, अभी दोनों पक्षों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है और मामले की जांच जारी है।

सुप्रीम कोर्ट ने महुआ मोइत्रा के कैश-फॉर-क्वेरी मामले में सुनवाई टाली, केंद्र की ओर से कोई पेश नहीं हुआ

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को TMC सांसद महुआ मोइत्रा से जुड़े कैश-फॉर-क्वेरी मामले में लोकपाल की ओर से दायर दो याचिकाओं पर सुनवाई टाल दी। CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने मामले की सुनवाई की। बेंच ने कहा कि 24 जुलाई को केंद्र सरकार को मामले में पक्षकार बनाया गया था, लेकिन मंगलवार की सुनवाई में उसकी ओर से कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। सुप्रीम कोर्ट ने 24 जुलाई को इन याचिकाओं में केंद्रीय गृह मंत्रालय को पक्षकार बनाया था। लोकपाल ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें CBI को महुआ मोइत्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की मंजूरी देने से जुड़े लोकपाल के आदेश को रद्द कर दिया गया था।

विनेश फोगाट की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ से जवाब मांगा, अनुशासनात्मक कार्रवाई का मामला

दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) से ओलिंपियन विनेश फोगाट की याचिका पर जवाब मांगा। फोगाट ने अपने खिलाफ जारी दो कारण बताओ नोटिस और उसके बाद हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई को चुनौती दी है। मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी। फोगाट ने 9 मई और 17 जून को जारी कारण बताओ नोटिस को चुनौती देते हुए आरोप लगाया है कि ये WFI की अनुशासनात्मक शक्तियों के मनमाने, भेदभावपूर्ण और दुर्भावनापूर्ण इस्तेमाल का हिस्सा हैं।

मुंबई में महानगर CNG 2 रुपए और PNG एक रुपए महंगी हुई

मुंबई और आसपास के इलाकों में महानगर गैस CNG की कीमत ₹2kg बढ़ा दी गई है। अब CNG ₹88kg मिलेगी। नई कीमत 1 सितंबर की आधी रात से लागू होगी। कंपनी ने मध्य पूर्व में तनाव के कारण गैस की लागत बढ़ने को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है।

घरेलू PNG के दाम भी ₹1scm बढ़ाए गए हैं। इस बढ़ोतरी का असर करीब 13 लाख CNG वाहनों और 30 लाख घरेलू PNG ग्राहकों पर पड़ेगा।

तेलंगाना बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हाउस अरेस्ट, नलगोंडा जाने से पुलिस ने रोका

तेलंगाना बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव को मंगलवार को उनके घर में हाउस अरेस्ट किया गया। पुलिस ने उन्हें नलगोंडा जाने से रोक दिया, जहां वह बीजेपी के जिला अध्यक्ष नागम वर्षित रेड्डी से मिलने जाने वाले थे। रेड्डी के घर पर एक दिन पहले हमला और तोड़फोड़ की गई थी।

रामचंदर राव ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर उन्हें दूसरी बार हाउस अरेस्ट किया गया है। इससे पहले उन्हें अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मिलने से भी रोक दिया गया था।

उन्होंने कहा कि इस बार वह नलगोंडा बीजेपी अध्यक्ष के घर पर हुए हमले के बाद उनसे मिलने और उनकी घायल मां का हाल जानने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने नहीं दिया।

RSS मानहानि मामले में राहुल गांधी के 2014 भाषण का मूल वीडियो नहीं है, जी मीडिया ने कोर्ट को बताया

महाराष्ट्र के भिवंडी की अदालत में RSS मानहानि मामले की सुनवाई हुई। जी मीडिया ने कहा कि उसके पास राहुल गांधी की 2014 की रैली की मूल वीडियो फुटेज अब उपलब्ध नहीं है। यह केस RSS कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि 6 मार्च 2014 की रैली में राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की हत्या को RSS से जोड़कर कथित आपत्तिजनक बयान दिया था।

कोर्ट ने रैली की वीडियो मांगी थी। जी मीडिया ने कहा कि प्रसारण 12 साल पुराना है और नियमों के मुताबिक चैनलों को रिकॉर्ड सिर्फ 90 दिन तक रखना होता है। चैनल ने यह भी बताया कि रैली कवर करने वाले कई पत्रकार अब नौकरी छोड़ चुके हैं या रिटायर हो चुके हैं। मामले की अगली सुनवाई 3 अक्टूबर को होगी।

गुजरात HC ने यूसुफ पठान की याचिका खारिज की, सरकारी जमीन का मामला

गुजरात हाईकोर्ट ने पूर्व क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान की सरकारी जमीन से जुड़े मामले की याचिका खारिज कर दी। पठान ने वडोदरा नगर निगम की 978 वर्ग मीटर जमीन के आवंटन की मांग की थी, जिसे राज्य सरकार पहले ही खारिज कर चुकी है।

पठान के वकील ने सोमवार को याचिका वापस लेने की मांग की, जिसके बाद कोर्ट ने इसे वापस लिया हुआ मानकर खारिज कर दिया। पठान का कहना है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को जमीन देने वाली सरकारी नीति के तहत अपना दावा कर रहे हैं। कोर्ट पहले इस जमीन पर उनके कब्जे को अतिक्रमण बता चुका है।

ट्रम्प ने एप्पल से कहा- लेक ऑन्टारियो का नाम लेक अमेरिका करें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एप्पल से अपने मैप्स ऐप में कनाडा और अमेरिका के बीच स्थित लेक ऑन्टारियो का नाम बदलकर लेक अमेरिका करने को कहा है। अमेरिकी गृह मंत्री डग बर्गम ने बताया कि ट्रम्प ने एप्पल से सीधे संपर्क किया है और जल्द नया नाम मैप पर दिखने की उम्मीद है।

इससे पहले गूगल मैप्स ने अमेरिका में झील का नाम लेक अमेरिका कर दिया है, जबकि कनाडा में यह अब भी लेक ऑन्टारियो ही दिखेगा। अमेरिका और कनाडा के बाहर दोनों नाम दिखाई देंगे। ट्रम्प ने पिछले हफ्ते एक आदेश के जरिए अमेरिका में झील का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू की थी।

सुभाष चंद्रा के ₹6.5 करोड़ के रिपेमेंट प्लान पर फैसले के लिए NCLT ने 5 सदस्यीय बेंच बनाई

NCLT ने एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा के व्यक्तिगत दिवालियापन मामले में फैसला लेने के लिए पहली बार 5 सदस्यीय बेंच बनाई है। मामला करीब ₹22,000 करोड़ के कर्ज से जुड़ा है, जबकि चंद्रा ने करीब ₹6.5 करोड़ चुकाने का प्रस्ताव दिया है।

दो सदस्यीय बेंच में सहमति नहीं बनने के बाद मामला NCLT अध्यक्ष के पास भेजा गया। तीसरे सदस्य ने रिपेमेंट प्लान को मंजूरी दी थी, लेकिन इसे लेकर कर्जदाताओं ने आपत्ति जताई। LIC हाउसिंग फाइनेंस, केनरा बैंक और यूनियन बैंक समेत कुछ कर्जदाताओं ने NCLAT का रुख किया है। 5 सदस्यीय बेंच मंगलवार को मामले की सुनवाई करेगी।

कर्नाटक के रामनगर में फर्जी नोटों के नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

कर्नाटक के रामनगर में पुलिस ने फर्जी नोटों के नेटवर्क से जुड़े सात आरोपियों को एक घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी नोट कहां तैयार किए जा रहे थे और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

NTA ने UGC-NET 2026 की फाइनल आंसर-की जारी की, 3 पेपर की 9-10 सितंबर को दोबारा परीक्षा होगी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार को UGC नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NET) की फाइनल आंसर-की जारी कर दी। एजेंसी ने बताया कि UGC-NET 2026 की फाइनल आंसर-की 84 विषयों के लिए जारी की गई है।

यह एग्जाम यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए भारतीय स्टूडेंट्स की पात्रता तय करने के लिए होती है।

NTA ने इस साल जून में इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपर देने वाले उम्मीदवारों के लिए 9-10 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया था। एक्सपर्ट कमेटी को इन पेपरों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा से जुड़ी गलतियां मिली थीं।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *