Headlines

मेहरमा पुलिस ने देशी पिस्तौल के साथ युवक को पकड़ा:आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था आरोपी, एक फरार




गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के पहाड़खंड बगीचा से पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। युवक अपने एक साथी के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। उसका साथी पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई बीते गुरुवार की दोपहर को हुई। गोड्डा एसपी मुकेश कुमार को गुरुवार दोपहर को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक कट्टा और गोली के साथ पहाड़खंड बगीचा क्षेत्र में घूम रहे हैं तथा किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेहरमा थाना पुलिस की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब पहाड़खंड बगीचा पहुंची, तो दोनों युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार होने में सफल रहा। तलाशी के दौरान गिरफ्तार युवक के पास से एक देशी पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस ने हथियार को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी विशाल कुमार यादव (18), पिता विनोद यादव, निवासी पशाहीचक, थाना पीरपैंती, जिला भागलपुर (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल और बाइक भी बरामद की। इस संबंध में मेहरमा थाना में कांड दर्ज कर सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *