Headlines

झरिया की बरारी छह नंबर बस्ती में जमीन धंसी:दरारों से निकला जहरीला धुआं और आग, बीसीसीएल टीम पहुंची, भरी जाएगी मिट्टी




धनबाद के झरिया स्थित लोदना इलाके में बीसीसीएल की बरारी छह नंबर बस्ती में गुरुवार को तेज आवाज के साथ अचानक जमीन धंस गई। जमीन धंसने के बाद बस्ती के एक हिस्से में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। कुछ ही देर में इन दरारों से जहरीला धुआं निकलने लगा और बाद में आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं। अचानक जमीन धंसने और धुआं-आग निकलने की घटना से आसपास के लोगों में डर फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आशंका है कि जमीन के नीचे आग और जहरीली गैस का खतरा बढ़ सकता है। मुख्य सड़क के करीब धंसा, बढ़ा खतरा जिस स्थान पर जमीन धंसी है, वहां से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क कुछ ही दूरी पर स्थित है। स्थानीय लोगों को चिंता है कि अगर जमीन के नीचे धंसान का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है। ऐसी स्थिति में इलाके का आवागमन प्रभावित होने के साथ लोगों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। लोगों का कहना है कि जमीन के नीचे आग, जहरीली गैस और खाली जगह होने की स्थिति में धंसान कभी भी और आगे बढ़ सकता है। इसलिए प्रभावित हिस्से के आसपास तत्काल सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत है। घटना के बाद स्थानीय लोग जमीन के नीचे की वास्तविक स्थिति को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से पूरे क्षेत्र की गंभीरता से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। अवैध खनन और सुरंगों को बताया धंसान की वजह लोगों ने जमीन धंसने की घटना के लिए अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी के लिए बनाई गई सुरंगों को जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि लंबे समय से जमीन के नीचे से कोयला निकालने के कारण वहां खाली जगह बन गई होगी, जिससे जमीन कमजोर होकर धंस गई। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमीन के नीचे की स्थिति की जांच कराने की मांग की। हालांकि, जमीन धंसने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बीसीसीएल टीम पहुंची, मिट्टी भरने का दिया भरोसा घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और धंसे हुए इलाके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने का भरोसा दिया और प्रभावित हिस्से में मिट्टी भरने की बात कही। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल मिट्टी भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उनका कहना है कि पहले जमीन के नीचे लगी आग, जहरीली गैस और बनी हुई खाली जगह की स्थिति की जांच जरूरी है। लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित क्षेत्र की तत्काल निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और जमीन के नीचे की स्थिति की जांच कराने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *